भूपेंद्र ठाकुर,
13 जून / नेरवा (शिमला)।
शिमला पुलिस द्वारा अवैध शराब की तस्करी और बिक्री के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नेरवा को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने दो वाहनों की तलाशी के दौरान 48 बोतल अंग्रेजी शराब और 180 बोतल बीयर बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, गंगा राम पुत्र रामसा राम (निवासी थुनारली, बोहर, नेरवा) और मंजीत पुत्र स्वर्गीय लायक राम (निवासी बोहर, नेरवा) के वाहनों को चेक किया गया। वाहन संख्या HP63-9777 (इग्निस) तथा HP08B-0907 (ब्रेज़ा) से 48 बोतल रॉयल स्टैग अंग्रेजी शराब (750 मि.ली.) और 180 बोतल मीकिन्स 1000 सुपर स्ट्रॉन्ग बीयर (650 मि.ली.) बरामद हुई।

सभी बरामद शराब को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना नेरवा में अभियोग संख्या 28/2026, धारा 39(1)(a) हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
शिमला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब एवं नशे के कारोबार के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध शराब की बिक्री या तस्करी की सूचना मिले तो तुरंत पुलिस को अवगत कराएं। मामले में आगे की जांच जारी है।







