Home ट्रेंडिंग “द सोल कलेक्शन” प्रदर्शनी में झलकी हिमाचली संस्कृति और कला की आत्मा...

“द सोल कलेक्शन” प्रदर्शनी में झलकी हिमाचली संस्कृति और कला की आत्मा : कर्ण नंदा

3
0

– युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का सशक्त मंच बन रही हैं कला प्रदर्शनी : भाजपा

भूपेंद्र ठाकुर,

21 मई / शिमला।

Jeevan Ayurveda Clinic

शिमला के ऐतिहासिक गेयटी थिएटर के टैवर्न हॉल में आयोजित “द सोल कलेक्शन” पेंटिंग प्रदर्शनी का शुभारंभ गुरुवार को हुआ। इस अवसर पर भाजपा हिमाचल प्रदेश के मीडिया संयोजक कर्ण नंदा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रदेश कोषाध्यक कमलजीत सूद, रमा ठाकुर, सुदीप महाजन, संजय कलिया, संजीव सूद एवं श्याम शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

प्रदर्शनी में कलाकार जितेन्द्र चौहान द्वारा बनाई गई हिमाचली संस्कृति, आध्यात्मिकता, प्रकृति और सामाजिक जीवन पर आधारित आकर्षक पेंटिंग्स प्रदर्शित की गईं। रंगों और भावनाओं से सजी इन कलाकृतियों ने उपस्थित कला प्रेमियों को विशेष रूप से आकर्षित किया और दर्शकों ने कलाकार की रचनात्मकता की मुक्त कंठ से सराहना की।

मुख्य अतिथि कर्ण नंदा ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए कहा कि कला केवल अभिव्यक्ति का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और संस्कृति को जीवंत बनाए रखने का सशक्त साधन है। उन्होंने कहा कि हिमाचल की संस्कृति, लोकजीवन और प्रकृति को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत करना अत्यंत सराहनीय प्रयास है।

उन्होंने कलाकार जितेन्द्र चौहान को इस उत्कृष्ट आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार के रचनात्मक कार्यक्रम युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि आने वाले समय में हिमाचल में कला, संस्कृति और साहित्य से जुड़े ऐसे कार्यक्रम और अधिक आयोजित होंगे, जिससे प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।

कर्ण नंदा ने कहा कि आज के डिजिटल दौर में कला और संस्कृति को संरक्षित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। ऐसे आयोजन न केवल कलाकारों को मंच प्रदान करते हैं, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने का कार्य भी करते हैं।

प्रदर्शनी के संयोजक जितेन्द्र चौहान ने कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों, कलाकारों और कला प्रेमियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि “द सोल कलेक्शन” प्रदर्शनी का उद्देश्य हिमाचल की संस्कृति, आध्यात्मिकता और सामाजिक जीवन को कला के माध्यम से लोगों तक पहुंचाना है।

यह प्रदर्शनी 21 मई से 23 मई तक आम जनता के लिए खुली रहेगी, जहां कला प्रेमी विभिन्न विषयों पर आधारित अनूठी पेंटिंग्स का अवलोकन कर सकेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here