– जखोली में ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम आयोजित
भावना ठाकुर,
18 अक्टूबर / अर्की (सोलन)।
अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि अर्की विधानसभा क्षेत्र की सभी 78 ग्राम पंचायतों के समग्र, सन्तुलित एवं एक-समान विकास की दृष्टि से नवीन योजनाओं को समयबद्ध लागू करने के लिए सतत कार्य किया जा रहा है। संजय अवस्थी आज अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत देवरा के जखोली में आयोजित दो दिवसीय मां दुर्गा अष्टमी मेला समारोह की अध्यक्षता कर रहे थे।

इस अवसर पर उन्होंने जखोली स्थित माँ भद्रकाली सिद्धपीठ में पूजा-अर्चना की व सभी की सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने क्षेत्रवासियों को शारदीय नवरात्र की शुभकामनाएं दीं।
संजय अवस्थी ने समारोह के उपरांत ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत स्थानीय लोगों की जन समस्याएं सुनीं। उन्होंने लोगों की समस्याओं एवं मांगों की जानकारी प्राप्त की तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को इनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मेले हमारी समृद्ध परम्पराओं, संस्कृति एवं सभ्यता की पहचान हैं। इन आयोजनों के माध्यम से हमारी लोक परंपराएं, रीति-रिवाज और सांस्कृतिक विरासत संरक्षित रहती है। उन्होंने कहा कि यह हम सभी का दायित्व है कि अपनी समृद्ध संास्कृतिक विरासत और लोक कलाओं को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाएं, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी अपनी परंपराओं से जुड़ी रहें।
विधायक ने कहा कि ग्रामीण आर्थिकी की मज़बूती में प्रदेश का सम्पूर्ण विकास निहित है और मुख्यमन्त्री सुखविन्दर सिंह सुक्खू के गतिशील नेतृत्व में किसानों, बागवानों तथा दुग्ध उत्पादकों को दीर्घकालिक लाभ प्रदान करने के लिए कार्यान्वित की जा रही योजनाएं न केवल सफल हो रही हैं अपितु राष्टीय स्तर पर सराही भी जा रही हैं।
विधायक ने कहा कि ग्राम पंचायत देवरा में अब तक विभिन्न विकास कार्यों पर लगभग 42 लाख रुपए व्यय किए गए हैं। उन्होंने कहा कि मंज्याट-पाटी देवरा-पपलोटा मार्ग के कार्य पर 7.70 करोड़ रुपए व्यय हुए हैं और सम्पर्क मार्ग जखोली को पक्का करने के लिए 15 लाख रुपए उपलब्ध करवाए गए हैं। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मंज्याट के परीक्षा भवन निर्माण के लिए 20 लाख रुपए उपलब्ध करवाए ग्ए हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की विभिन्न विकासपरक मांगों को समयबद्ध पूर्ण किया जाएगा।
उन्होंने सामुदायिक भवन जखोली के लिए 2 लाख रुपए, खालसा पाटी सामुदायिक भवन के लिए 1 लाख रुपए, मोक्षधाम देवरा के लिए 1 लाख रुपए, मोक्षधाम संपर्क मार्ग जखोली के लिए 1.5 लाख रुपए, मंजयाट गांव में जंगली जानवरों से फसल बचाव के लिए सुरक्षा जाली लगाने के लिए 2 लाख रुपए, युवक मंडल के लिए क्रिकेट किट, आयोजक समिति को 21 हज़ार रुपए, श्री हनुमान मंदिर से मां भद्रकाली मन्दिर जखोली के लिए 10 सोलर लाइट तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले तीनों स्कूलों के बच्चों के लिए 21-21 सौ रुपए प्रदान करने की घोषणा की।
इस अवसर पर स्थानीय कलाकारों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से क्षेत्र की समृद्ध लोक संस्कृति एवं परंपराओं को प्रदर्शित किया।

इस अवसर पर खंड कांग्रेस समिति अर्की के अध्यक्ष सतीश कश्यप, पंचायत समिति सदस्य अखिलेश ठाकुर, नगर पंचायत अर्की की अध्यक्ष सीमा शर्मा, ग्राम पंचायत देवरा के प्रधान दलीप कुमार, ग्राम पंचायत जखोली के पूर्व प्रधान रूपसिंह, ग्राम पंचायत जखोली के उप प्रधान धीरज ठाकुर, ग्राम पंचायत जखोली के पूर्व उप प्रधान अमर सिंह, मेला समिति जखोली के प्रधान राकेश कुमार, उपमंडलीय पुलिस अधिकारी दाड़लाघाट नवीन झालटा, तहसीलदार अर्की विपिन वर्मा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थेे।








