भूपेंद्र ठाकुर,
18 मई / सोलन।
मादक पदार्थों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत शिमला पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस थाना देहा में अभियोग संख्या 18/26 दर्ज करते हुए एक महिला के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 18 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि महिला ने अपने सेब के बागीचे में अवैध रूप से अफीम के पौधे उगाए थे।
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
दिनांक 16 मई 2026 को पुलिस टीम गांव झोला क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक गुप्त सूचना मिली कि महेंद्र (पुत्री श्रीमती श्यामा) ने अपने सेब के बागीचे में अफीम के पौधे लगा रखे हैं।
बागीचे में मिले 350 अफीम के पौधे
सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां आरोपी महेंद्र की माता श्रीमती श्यामा उपस्थित मिलीं। उनकी मौजूदगी और स्वतंत्र गवाहों के सामने घर से करीब 50 मीटर नीचे स्थित सेब के बागीचे की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान सेब के पौधों के बीच बड़ी संख्या में अफीम के पौधे बरामद हुए।

पुलिस ने गिनती करते हुए कुल 350 अफीम के पौधे पाए, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
जारी है जांच
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संबंधित भूमि के मालिकाना हक के रिकॉर्ड भी मांगे गए हैं। पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि कहीं इस खेप का तस्करी नेटवर्क से तो संबंध नहीं है।
शिमला पुलिस ने दोहराया कि मादक पदार्थों की खेती, बिक्री और तस्करी के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति जारी रहेगी। आगे की जांच जारी है।








