Home चुनाव सरदार पटेल विश्वविद्यालय को व्यवस्थित तरीके से कमजोर कर रही कांग्रेस सरकार...

सरदार पटेल विश्वविद्यालय को व्यवस्थित तरीके से कमजोर कर रही कांग्रेस सरकार : डॉ. राजीव बिंदल

4
0

-मंडी के छात्रों और युवाओं के भविष्य पर चोट, SPU से कॉलेज हटाना कांग्रेस की राजनीतिक मानसिकता का प्रमाण : भाजपा

भूपेंद्र ठाकुर,

09 मई / शिमला।

Jeevan Ayurveda Clinic

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने सरदार पटेल विश्वविद्यालय (SPU) मंडी को लेकर कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने सुनियोजित तरीके से सरदार पटेल विश्वविद्यालय को कमजोर करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के फैसलों से स्पष्ट है कि वह मंडी क्षेत्र के छात्रों और युवाओं के हितों की अनदेखी कर रही है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि भाजपा सरकार ने वर्ष 2022 में मंडी सहित प्रदेश के मध्य क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर और सुलभ उच्च शिक्षा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से सरदार पटेल विश्वविद्यालय की स्थापना की थी। इसका उद्देश्य हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला पर बढ़ते दबाव को कम करना और मंडी, कुल्लू, लाहौल-स्पीति, किन्नौर तथा आसपास के क्षेत्रों के छात्रों को स्थानीय स्तर पर बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं प्रदान करना था।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की स्थापना के समय लगभग 119 से 128 कॉलेज इससे संबद्ध थे, लेकिन कांग्रेस सरकार ने धीरे-धीरे अधिकांश कॉलेजों को वापस हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला से जोड़ दिया। वर्तमान समय में SPU के अंतर्गत केवल लगभग 50 कॉलेज ही बचे हैं। यह दर्शाता है कि कांग्रेस सरकार ने इस विश्वविद्यालय को व्यवस्थित रूप से कमजोर करने का काम किया है।
डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि मंडी जिला में भाजपा को मिले व्यापक जनसमर्थन के कारण कांग्रेस सरकार राजनीतिक मानसिकता से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि मंडी क्षेत्र के विकास और शिक्षा संस्थानों को कमजोर करना दुर्भाग्यपूर्ण है और इससे हजारों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने कहा कि कॉलेजों को वापस शिमला से जोड़ने के कारण छात्रों और अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक, प्रशासनिक और मानसिक बोझ बढ़ेगा। परीक्षाओं, प्रमाणपत्रों और अन्य शैक्षणिक कार्यों के लिए छात्रों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। भाजपा का मानना है कि यह फैसला छात्र विरोधी और क्षेत्र विरोधी है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस सरकार लगातार शिक्षा और जनसेवा संस्थानों को बंद या कमजोर करने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में आने के बाद कांग्रेस सरकार ने प्रदेशभर में 1500 से अधिक संस्थानों पर ताले लगाए हैं, जिनमें स्कूल, कॉलेज, स्वास्थ्य संस्थान और अन्य जनसेवा केंद्र शामिल हैं। SPU को कमजोर करना भी उसी नीति का हिस्सा है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि भाजपा सरदार पटेल विश्वविद्यालय के हितों की रक्षा के लिए पूरी मजबूती से संघर्ष करेगी। उन्होंने कांग्रेस सरकार से मांग की कि विश्वविद्यालय को कमजोर करने वाले फैसलों को तुरंत वापस लिया जाए और SPU को मजबूत एवं संसाधन संपन्न बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here