हिमाचल समय न्यूज़,
03 मई/बरमाणा।
बरमाणा थाना क्षेत्र के तहत ग्राम पंचायत पंजगाई में शनिवार देर रात एक सनसनीखेज चोरी की घटना सामने आई है। पूर्व प्रधान सुशील शर्मा उर्फ़ बब्बू के घर अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर करीब 18 लाख रुपये की नकदी चुरा ली। घटना रात लगभग 1:30 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार कमरे का एसी खराब होने के चलते सुशील शर्मा दूसरे कमरे में सो रहे थे। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने उस कमरे का ताला तोड़ दिया जहां नकदी रखी हुई थी। हैरानी की बात यह रही कि चोरों ने उनके सोने वाले कमरे के दरवाजे के बाहर भारी पत्थर लगा दिया ताकि अंदर से कोई बाहर न निकल सके।
घटना का खुलासा तब हुआ जब उनके बेटे सूरज को आहट हुई और उसने पिता को आवाज दी। इस पर चोर सतर्क हो गए और तेजधार हथियारों के साथ मौके से फरार हो गए। सूरज ने उनका पीछा भी किया इस दौरान कुछ नकदी रास्ते में गिर गई लेकिन आरोपी जंगल की ओर भागने में सफल रहे।
परिवार द्वारा तुरंत पुलिस को सूचना दी गई । बाद में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। लक्ष्मी नारायण मंदिर के पास लगे कैमरों में चार संदिग्ध युवक नजर आए हैं जिनके हाथों में डंडे और धारदार हथियार दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस ने रातभर जंगलों में तलाशी अभियान चलाया लेकिन अभी तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग पाया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पूर्व प्रधान ने आशंका जताई कि यदि वे उसी कमरे में सो रहे होते तो उनकी जान को भी खतरा हो सकता था। उन्होंने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।









