भूपेंद्र ठाकुर,
29 अप्रैल/ शिमला।
पुलिस थाना रामपुर ने एक पर्स स्नैचिंग के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई जिला शिमला पुलिस द्वारा कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
मामला अभियोग संख्या 48/2026 के तहत दिनांक 28.04.2026 को पंजीकृत किया गया। भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 304(2) के अंतर्गत यह मामला दर्ज किया गया है।
क्या है पूरा मामला?
शिकायतकर्ता श्रीमती गुंजन (उम्र 54 वर्ष), निवासी कोलकाता (पश्चिम बंगाल) ने पुलिस थाना रामपुर में शिकायत दर्ज करवाई कि एक अज्ञात व्यक्ति ने उनका पर्स छीन लिया। पर्स में मोबाइल फोन और कुछ नकद राशि थी। आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
सूचना मिलते ही पुलिस थाना रामपुर की टीम हरकत में आ गई। आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाकर कुछ ही घंटों में आरोपी को दबोच लिया गया।
आरोपी की पहचान
गिरफ्तार आरोपी का नाम राजवीर सिंह (उम्र 46 वर्ष) है। वह गांव रून, डाकघर मुनीश बाहली, तहसील रामपुर, जिला शिमला (हिमाचल प्रदेश) का निवासी है।
पुलिस ने बताया कि मामले में आगामी जांच अमल में लाई जा रही है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा छीनी गई संपत्ति बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं।









