भूपेंद्र ठाकुर,
28 अप्रैल/शिमला।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रदेश की चारों नगर निगमों के चुनावों के लिए रणनीति अंतिम रूप दे दी है। पार्टी का दावा है कि वह कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों को जनता के सामने उजागर करेगी।
पार्टी मुख्यालय दीप कमल, चक्कर (शिमला) में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल की अध्यक्षता में हुई अहम बैठक में मंडी, सोलन, पालमपुर और धर्मशाला नगर निगमों के चुनावों को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई। बैठक में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व सीएम जयराम ठाकुर, प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सहप्रभारी संजय टंडन, प्रदेश उपाध्यक्ष, महासचिव, सचिव, वरिष्ठ प्रवक्ताओं के अलावा विधायक अनिल शर्मा, इंदर सिंह गांधी और सभी जिलाध्यक्ष शामिल हुए।
डॉ. बिंदल ने कहा कि सभी चार नगर निगमों में चुनाव पार्टी चिन्ह पर लड़े जाएंगे और भाजपा पूरी ताकत से चुनावी मैदान में उतरेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार विफल रही है और उसने जनता को निराश किया है – आगामी नगर निगम चुनाव जनता की भावनाओं का आईना होंगे। संगठनात्मक मजबूती और कार्यकर्ताओं के उत्साह के दम पर भाजपा सभी चारों निगमों में जीत दर्ज करेगी।









