भूपेंद्र ठाकुर,
19 अप्रैल/शिमला।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शनिवार देर शाम पश्चिम बंगाल के चौरंगी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एक जनसभा को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी मानस सरकार के समर्थन में जनता से मतदान की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल के मतदाता, विशेष रूप से युवा वर्ग, परिवर्तन की आकांक्षा रखते हैं और विकास, पारदर्शिता तथा सुशासन पर आधारित सरकार चाहते हैं। उन्होंने कहा कि लगभग 20 वर्षों के बाद कांग्रेस पार्टी ने राज्य की सभी 294 विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी उतारे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस की सरकार बनने पर राज्य में विकास की गति को तेज किया जाएगा।
सीएम सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो सभी धर्मों और जातियों का समान सम्मान करती है और लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए पश्चिम बंगाल में उसका सशक्त होना आवश्यक है।









