भूपेंद्र ठाकुर/शिमला।
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार के खिलाफ नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने बालीचौकी में प्रदर्शन करते हुए हिम केयर योजना को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार हिम केयर को बंद करने की साजिश कर रही है और इस योजना में 120 करोड़ रुपये का घोटाला निकाल लायी है।
जयराम ठाकुर ने कहा, “हमारी सरकार के समय हिम केयर के तहत आईजीएमसी (IGMC) में लगभग 60 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया था। अब सुक्खू जी 120 करोड़ का घोटाला बता रहे हैं। यह सरकार हिम केयर को बंद करने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है।”
उन्होंने बताया कि पहले विधानसभा में सरकार ने दावा किया था कि हिम केयर में 1100 करोड़ का घोटाला हुआ है। जब विपक्ष ने आंकड़े रखे कि पिछली सरकार में कुल इलाज ही 441 करोड़ रुपये का हुआ था, तो मुख्यमंत्री को अपनी गलती का अहसास हुआ और उन्होंने कहा कि ‘हमसे गलती हो गई’। अब कहा जा रहा है कि एक संस्थान (आईजीएमसी) का मामला है और 120 करोड़ का घोटाला है।
नेता प्रतिपक्ष ने सवाल उठाते हुए कहा, “जब यह तय हो गया कि हमारी सरकार के समय आईजीएमसी में हिम केयर के तहत सिर्फ 60 करोड़ का ही भुगतान हुआ है, तो 120 करोड़ का घोटाला कहाँ से लाए हैं? अब देखना यह है कि सरकार क्या और झूठ बोलती है।”
उल्लेखनीय है कि हिम केयर योजना को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर लगातार जारी है। सराज विधानसभा क्षेत्र के बालीचौकी में हुए इस प्रदर्शन में जयराम ठाकुर के साथ बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।





