Home कल्चर राजनीतिक सत्ता की लालसा के कारण हुई मीरपुर त्रासदीः राज्यपाल गुप्ता

राजनीतिक सत्ता की लालसा के कारण हुई मीरपुर त्रासदीः राज्यपाल गुप्ता

4
0

भूपेंद्र ठाकुर,

29 नवंबर / शिमला।

Jeevan Ayurveda Clinic

राज्यपाल कविंन्द्र गुप्ता ने वर्ष 1947 में हुई मीरपुर त्रासदी और उसके बाद बड़े पैमाने पर हुए विस्थापन के लिए उस समय के राजनीतिक नेतृत्व को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं और सत्ता प्राप्त करने की लालसा ने ऐसे गहरे घाव दिए जिनका दर्द आज भी विस्थापित परिवारों की कई पीढ़ियां झेल रही हैं।


राज्यपाल चंडीगढ़ स्थित पंजाब विश्वविद्यालय में मीरपुर (पीओजेके) वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा आयोजित 80वें मीरपुर फॉल डे स्मृति समारोह को संबोधित कर रहे थे। त्रासदी में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कविंन्द्र गुप्ता ने कहा कि भारत के विभाजन से जुड़ी दुर्भाग्यपूर्ण घटनाएं इस बात का प्रमाण हैं कि किस प्रकार कुछ नेताओं की राजनीतिक महत्वाकांक्षाएं राष्ट्रीय हितों और मानवीय जीवन से अधिक महत्वपूर्ण हो गई थीं।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक सत्ता के लिए देश और उसके लोगों को बांट दिया गया, जिसके परिणामस्वरूप अनगिनत निर्दोष परिवारों को अपने पैतृक घर छोड़ने पड़े और अत्यंत कठिन परिस्थितियों में नए सिरे से जीवन शुरू करना पड़ा।
राज्यपाल ने कहा कि यदि उस समय के नेतृत्व ने अधिक राजनीतिक दूरदर्शिता दिखाई होती, समय रहते हस्तक्षेप किया होता और निर्दोष नागरिकों के जीवन की रक्षा के प्रति प्रतिबद्धता दिखाई होती तो मीरपुर की इस त्रासदी को टाला जा सकता था। उन्होंने कहा कि राजनीतिक फैसलों का परिणाम कभी भी राष्ट्रीय एकता और मानवीय गरिमा की कीमत पर नहीं होना चाहिए।
युवा पीढ़ी को ऐतिहासिक वास्तविकताओं से परिचित कराने की आवश्यकता पर बल देते हुए श्री गुप्ता ने कहा कि इतिहास के दर्दनाक अध्यायों को याद करने का उद्देश्य कटुता को बढ़ावा देना नहीं, बल्कि अतीत से सार्थक सबक लेकर यह सुनिश्चित करना है कि ऐसी त्रासदियों की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने कहा कि जो समाज अपने इतिहास के प्रति जागरूक रहता है, वह अपनी पहचान, एकता और भविष्य की बेहतर सुरक्षा कर सकता है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा उठाए गए कदमों का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर (पीओजेके) और छंब क्षेत्र के विस्थापित परिवारों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के समाधान के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री विकास पैकेज के तहत स्वीकृत 2,000 करोड़ रुपये के पुनर्वास पैकेज का उल्लेख किया। इसके अंतर्गत 36,384 पात्र विस्थापित परिवारों को प्रति परिवार 5.5 लाख रुपये की वित्तीय सहायता का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीबीटी) के माध्यम से सहायता राशि वितरित करने की व्यवस्था सरकार की पारदर्शिता और प्रभावी लाभ वितरण की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
कविंन्द्र गुप्ता ने कहा कि केंद्र सरकार का ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ का विजन तथा वंचित वर्गों को प्राथमिकता देने की प्रतिबद्धता उन समुदायों के कल्याण, सम्मान और सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान केंद्रित कर रही है, जिन्होंने दशकों तक कठिनाइयों का सामना किया है।
मीरपुर से विस्थापित समुदाय के साहस और संघर्ष की सराहना करते हुए राज्यपाल ने कहा कि पैतृक घरों, आजीविका और प्रियजनों को खोने के बावजूद इन परिवारों ने अपने दृढ़ संकल्प, संघर्ष और कड़ी मेहनत से जीवन को दोबारा संवारने में सफलता हासिल की है। उन्होंने देश के सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है।


इस अवसर पर राज्यपाल के साथ लेडी गवर्नर और हिमाचल प्रदेश राज्य रेडक्रॉस महिला कल्याण विंग की अध्यक्ष बिंदु गुप्ता ने मीरपुर त्रासदी के साक्षी रहे वरिष्ठ नागरिकों एवं त्रासदी से बचकर निकले लोगों को सम्मानित किया।
राज्यपाल ने एसोसिएशन के डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी शुभारंभ किया। इस प्लेटफॉर्म का उद्देश्य व्यक्तिगत अनुभवों, ऐतिहासिक दस्तावेजों, पारिवारिक स्मृतियों और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना है। कार्यक्रम के दौरान मीरपुर त्रासदी पर आधारित एक फिल्म भी दिखाई जिसने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here