भूपेंद्र ठाकुर,
29 नवंबर / शिमला।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के गतिशील नेतृत्व में प्रदेश सरकार कृषि विपणन अधोसंरचना को मजबूत करने, भंडारण सुविधाओं का विस्तार करने तथा किसानों और बागवानों को उनकी उपज का उचित एवं बेहतर मूल्य सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। हिमाचल प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड इस दिशा में सरकार की परिकल्पना को धरातल पर उतारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

हिमाचल प्रदेश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था में कृषि एवं बागवानी के महत्व को देखते हुए सरकार किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध करवाने और विपणन सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर विशेष ध्यान दे रही है। वर्तमान में प्रदेश की 10 कृषि उपज मंडी समितियों (एपीएमसी) के माध्यम से 89 फल, सब्जी एवं अनाज मंडियों का नेटवर्क विकसित किया गया है। वर्ष 2025-26 के आंकड़ों के अनुसार इन मंडियों के माध्यम से लगभग 33 लाख क्विंटल फल, 19 लाख क्विंटल सब्जियां और 2.41 लाख क्विंटल खाद्यान्न का विपणन किया गया है।
मंडी नेटवर्क के विस्तार के साथ-साथ सरकार ग्रामीण क्षेत्रों, विशेषकर दूरदराज के इलाकों में किसानों को उनके घरों के नजदीक बेहतर विपणन सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए अधोसंरचना का भी विस्तार कर रही है। हमीरपुर जिला में 10 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से ग्रीन मंडी विकसित की जा रही है। इसके अतिरिक्त बिलासपुर के निहाल, कांगड़ा के टांडा, चंबा के पांगी, लाहौल के करगा तथा शिमला जिला के डकोलड़ में लगभग 39 करोड़ रुपये की लागत से नई मंडियों का निर्माण किया जा रहा है। इन परियोजनाओं से प्रदेश का कृषि विपणन नेटवर्क और मजबूत होगा तथा किसानों को व्यवस्थित बाजारों तक बेहतर पहुंच मिलेगी।
बाजारों तक पहुंच बेहतर बनाने के साथ-साथ सरकार ने कृषि एवं बागवानी उत्पादों, विशेषकर फलों और सब्जियों के सुरक्षित भंडारण पर भी विशेष ध्यान दिया है। इस दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि शिमला जिला के पराला में 67 करोड़ रुपये की लागत से 5,600 मीट्रिक टन क्षमता वाले नियंत्रित वातावरण (सीए) भंडारण केंद्र का निर्माण पूरा होना है। इसके अतिरिक्त मंडी जिला के जड़ोल और सोलन जिला के परवाणू में 30-30 करोड़ रुपये की लागत से सीए भंडारण सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इन सुविधाओं से फसल कटाई के बाद होने वाले नुकसान को कम करने और बागवानों को अपनी उपज सुरक्षित रखने एवं बेहतर समय पर बाजार में बेचने के अवसर मिलेंगे।
नई मंडियों और भंडारण सुविधाओं के विकास के साथ-साथ मौजूदा मंडियों के आधुनिकीकरण पर भी समान रूप से ध्यान दिया जा रहा है। प्रदेशभर में मंडी अधोसंरचना को मजबूत एवं उन्नत बनाने के लिए 22.60 करोड़ रुपये व्यय किए जा रहे हैं। इन कार्यों का उद्देश्य मंडियों में सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ-साथ उनकी कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाना है।
मंडियों की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए हिमाचल प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड और विभिन्न कृषि उपज मंडी समितियों के डिजिटलीकरण का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है, जिस पर 7.43 करोड़ रुपये व्यय किए जा रहे हैं। इस पहल से विपणन प्रक्रियाओं में पारदर्शिता आएगी, कार्यप्रणाली सरल होगी तथा मंडी संस्थानों की कार्यक्षमता मजबूत होगी।
इन अधोसंरचनात्मक और तकनीकी सुधारों के साथ कृषि व्यापार को बढ़ावा देने के लिए एक व्यापक नियामक व्यवस्था भी लागू की गई है। हिमाचल प्रदेश कृषि एवं बागवानी उपज विपणन (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 2005 की धारा-2 के अंतर्गत विभिन्न कृषि एवं संबद्ध उत्पादों को संबंधित अनुसूचियों में अधिसूचित किया गया है।
इनमें सात श्रेणियों के खाद्यान्न, 12 श्रेणियों की दालें, पांच श्रेणियों के तिलहन, सभी प्रकार के फल एवं सब्जियां, रेशेदार फसलों की एक श्रेणी, पशुधन उत्पादों की 16 श्रेणियां, मसालों की छह श्रेणियां, तंबाकू की एक श्रेणी तथा 11 श्रेणियों की विविध वस्तुएं शामिल हैं। इन अधिसूचित वस्तुओं के संबंध में विस्तृत जानकारी बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
प्रदेश की अर्थव्यवस्था में कृषि एवं बागवानी क्षेत्र के योगदान से इन पहलों का महत्व और बढ़ जाता है। प्रदेश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में इन क्षेत्रों का योगदान 13 प्रतिशत से अधिक है। ऐसे में ग्रामीण समृद्धि सुनिश्चित करने के लिए इन क्षेत्रों का विकास अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कुल मिलाकर, प्रदेश में 89 मंडियों का विकास, नियंत्रित वातावरण (सीए) भंडारण सुविधाओं का विस्तार, डिजिटलीकरण और अन्य सुधार कृषि विपणन व्यवस्था के आधुनिकीकरण के प्रति प्रदेश सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। इन पहलों का उद्देश्य कृषि विपणन अधोसंरचना को मजबूत करना, किसानों की बाजारों तक पहुंच बेहतर बनाना, उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करना तथा किसानों और बागवानों के हितों की रक्षा करना है।








