– ‘उड़ान सपने सच करने के…’ थीम पर लघु नाटिका ने किया भावुक, नृत्य प्रस्तुतियों ने मोहा दर्शकों का मन
भावना ठाकुर,
29 नवंबर / सोलन।
बचपन प्ले स्कूल और फ्यूचर प्राइड स्कूल सोलन की ओर से रविवार को वार्षिक समारोह का आयोजन कोठो स्थित ऑडिटोरियम में हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ किया गया। समारोह में नन्हे-मुन्ने बच्चों से लेकर स्कूली विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में बच्चों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला।

वार्षिक समारोह का मुख्य आकर्षण ‘उड़ान सपने सच करने के…’ थीम पर आधारित लघु नाटिका रही। बच्चों ने इस नाटिका के माध्यम से सपनों को साकार करने के लिए मेहनत, लगन, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। नाटिका के संदेश ने उपस्थित अभिभावकों और दर्शकों को प्रेरित किया।
इसके अलावा बच्चों ने विभिन्न गीतों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियां देकर समारोह में उत्साह का माहौल बनाया। रंग-बिरंगी पोशाकों में सजे बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों पर सभागार तालियों से गूंज उठा। मंच पर बच्चों का आत्मविश्वास, संवाद शैली और प्रतिभा देखकर अभिभावक भी भावुक और गर्वित नजर आए।
इस अवसर पर स्कूल की एमडी सुनैना खंडेलवाल ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि वार्षिक समारोह बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच देने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि ‘उड़ान सपने सच करने के’ थीम के माध्यम से बच्चों को बड़े सपने देखने और उन्हें मेहनत व समर्पण के साथ पूरा करने के लिए प्रेरित किया गया।
उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षकों के परिश्रम, धैर्य और समर्पण की भी सराहना की। सुनैना खंडेलवाल ने कहा कि बचपन प्ले स्कूल और फ्यूचर प्राइड स्कूल में बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ रचनात्मक, सुरक्षित और सकारात्मक वातावरण उपलब्ध करवाने पर विशेष ध्यान दिया जाता है, ताकि उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित डॉ. विकास खंडेलवाल ने शैक्षणिक, सांस्कृतिक और विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। उन्होंने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह का समापन सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया।
फोटो कैप्शन: वार्षिक समारोह में रंगारंग प्रस्तुतियां पेश करते बचपन प्ले स्कूल और फ्यूचर प्राइड स्कूल के विद्यार्थी।








