भूपेंद्र ठाकुर,
27 जून / शिमला।
जिला शिमला के रामपुर उपमंडल में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में पिकअप वाहन के खाई में गिरने से उसमें सवार चालक समेत छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस थाना रामपुर को आज सूचना मिली कि टैकलेच-काशापाट मार्ग पर एक पिकअप वाहन (नंबर HP-06B-2420) सड़क से नीचे दुर्घटनाग्रस्त हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची, जहां वाहन चालक सहित सभी छह लोगों की मृत्यु हो चुकी थी।
सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) टैकलेच पहुंचाया गया है। मृतकों की पहचान कर ली गई है:
- अभिषेक सैनी (23 वर्ष), पुत्र नर सिंह, निवासी शरनाल, काशापाट, रामपुर, शिमला।
- अशोक जैन (32 वर्ष), पुत्र दयाल जैन, निवासी छल्टा, रामपुर, शिमला (वाहन चालक)।
- लायक राम (56 वर्ष), पुत्र स्व. मागू राम, निवासी पट, काशापाट, रामपुर, शिमला।
- नितिन जैन (23 वर्ष), पुत्र मैन राम, निवासी छल्टा, काशापाट, रामपुर, शिमला।
- आशा कुमारी (40 वर्ष), पत्नी सत्य प्रकाश आजाद, निवासी कवानू, बिशलाधार, आनी, कुल्लू।
- उगल आजाद (12 वर्ष), पुत्र सत्य प्रकाश आजाद, निवासी कवानू, बिशलाधार, आनी, कुल्लू।

प्रथम दृष्टया चालक की लापरवाही के कारण यह हादसा होना प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
जिला पुलिस शिमला ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।








