भावना ठाकुर/सोलन।
जिला सोलन पुलिस की विशेष जांच इकाई (SIU) को एक गुप्त सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर SIU टीम ने सोलन शहर के एक होटल में दबिश दी। टीम ने होटल के कमरा नंबर 06 में ठहरे तीन युवकों के कब्जे से 6.96 ग्राम चिट्टा/हेरोइन और 30 प्रतिबंधित गोलियाँ (टैबलेट) बरामद की हैं।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज पुत्र नारायण सिंह कँवर (उम्र 27 वर्ष), निवासी गाँव डरोग, डाकखाना ओडी, तहसील कुमारसेन, जिला शिमला; वैभव शाण्डिल पुत्र राजेश कुमार (उम्र 20 वर्ष), निवासी गाँव कोट, तहसील कंडाघाट, जिला सोलन; और हर्ष दिलटा पुत्र राजिंदर दिलटा (उम्र 27 वर्ष), निवासी गाँव व डाकखाना जड़ग, तहसील कंडाघाट, जिला सोलन के रूप में हुई है।
मौके पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में पुलिस थाना सदर सोलन में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला पंजीकृत किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस आरोपियों के पूर्व के आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल कर रही है।
गिरफ्तार तीनों आरोपियों को आज दिनांक 04 अप्रैल 2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले में आगामी जांच जारी है।









