भूपेंद्र ठाकुर,
30 मई / शिमला
हिमाचल प्रदेश में पिछले कई दिनों से जारी भीषण गर्मी और लू से परेशान लोगों को अब बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से प्रदेश में 28 मई से 3 जून तक मौसम खराब रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने वीरवार (30 मई) को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में तेज बारिश, अंधड़ और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

वहीं, बाकी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, ऊना जिले में वीरवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाने से किसानों और बागवानों के चेहरे खिल उठे। पिछले कई दिनों से पड़ रही तेज धूप और बढ़ते तापमान के कारण खेतों की नमी कम हो गई थी, जिससे मक्का, टमाटर, शिमला मिर्च, लौकी, भिंडी सहित अन्य सब्जियों की फसलें मुरझाने लगी थीं। किसानों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में अच्छी बारिश होने से न सिर्फ फसलों को नया जीवन मिलेगा, बल्कि सिंचाई पर होने वाले अतिरिक्त खर्च में भी बचत होगी। मौसम में इस बदलाव से किसानों को भीषण गर्मी से राहत मिलने और फसलों को बचाने की उम्मीद जगी है।








