भावना ठाकुर/सोलन।
शहर में शनिवार को एक गुट के हथियारबंद बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। तेजधार हथियारों से लैस करीब 15-20 अज्ञात युवकों ने तीन युवकों पर हमला कर उन्हें बुरी तरह घायल कर दिया। एक घायल की गंभीर हालत को देखते हुए उसे आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर 20 से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
स्कूल के बाहर झड़प के बाद बढ़ी हिंसा
जानकारी के अनुसार, घटना की शुरुआत गर्ल्स स्कूल सोलन के बाहर हुई। अभिषेक नामक युवक, जो परीक्षा देने गया था, को कुछ युवकों ने घेर लिया और उससे बहस करने लगे। इसकी सूचना मिलने पर अभिषेक के रिश्तेदार अजय कुमार अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे।
अजय ने पुलिस को बताया कि जब वे वहां पहुंचे तो देखा कि आरोपी अभिषेक को जबरन आईटीआई की ओर घसीट रहे हैं। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए अभिषेक को बदमाशों के चंगुल से छुड़ाया और सभी धोबीघाट की ओर चले गए।

15-20 बदमाशों ने किया हमला
जैसे ही यह समूह धोबीघाट की ओर जा रहा था, तभी वहां करीब 15-20 अज्ञात युवक तेजधार हथियारों के साथ पहुंचे और उन पर अचानक जानलेवा हमला कर दिया। हमले में तीन युवक – हर्ष (निवासी धोबीघाट), ललित किशोर (उम्र 23, निवासी राजगढ़, सिरमौर) और ललित (उम्र 26, निवासी बनोह, सोलन) बुरी तरह घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल सोलन पहुंचाया, जहां से एक की गंभीर हालत को देखते हुए आगामी उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया।
पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 20 संदिग्ध हिरासत में
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच के लिए 3-4 विशेष टीमों का गठन किया है। पुलिस ने बताया कि अब तक करीब 20 संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। साथ ही, घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया जा रहा है।
पुरानी रंजिश बनी वजह
प्रारंभिक जांच में पुलिस के सामने यह बात सामने आई है कि दोनों गुटों के बीच पहले से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था, जिसके चलते यह हिंसक झड़प हुई। पुलिस ने थाना सदर सोलन में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
फिलहाल, पुलिस हमले में प्रयुक्त हथियारों की बरामदगी के प्रयासों के साथ-साथ आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।









