भावना ठाकुर/सोलन।
शहीदी दिवस के अवसर पर MY Bharat एवं युवा संगठन Young द्वारा शेड्स कॉलेज, चम्बाघाट (लॉ कॉलेज) में एक भव्य रैली का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर “मेरा भारत, मेरी जिम्मेदारी” विषय पर एक वक्तृत्व (डिक्लेमेशन) प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. राजेश कश्यप द्वारा किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में युवाओं को देशभक्ति, त्याग और जिम्मेदारी की भावना को अपनाने के लिए प्रेरित किया तथा महान शहीदों के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।
इस प्रतियोगिता में लगभग 10 विद्यार्थियों ने भाग लिया और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार प्रस्तुत किए। लगभग 200 छात्र-छात्राओं एवं अन्य युवाओं ने रैली में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रैली के दौरान “शहीद भगत सिंह अमर रहें” एवं “राजगुरु अमर रहें” जैसे जोशीले नारों से पूरा वातावरण देशभक्ति से ओत-प्रोत हो गया। कार्यक्रम के माध्यम से शहीद भगत सिंह, राजगुरु एवं सुखदेव को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस कार्यक्रम में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अभिषेक ठाकुर सहित संतोष ठाकुर, विशाल वैष एवं सुरेश ने भी भाग लेकर युवाओं का उत्साहवर्धन किया।
पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन एवं समन्वय कनिष्क शर्मा द्वारा किया गया, जिनके प्रयासों की सभी उपस्थित लोगों ने सराहना की।
कार्यक्रम का समापन इस संदेश के साथ हुआ कि शहीदों का बलिदान सदैव युवाओं को राष्ट्र सेवा एवं समर्पण के लिए प्रेरित करता रहेगा।









