हिमाचल समय न्यूज़,
13 नवबंर / सोलन।
भारतीय जनता पार्टी सोलन शहरी मंडल ने सोलन तहसील कार्यालय की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि आम जनता अपने जरूरी सरकारी कार्यों के लिए परेशान है। समाचार पत्र में प्रकाशित खबर के अनुसार, तहसील कार्यालय में निर्धारित समय से पहले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्यालय से चले जाने का मामला सामने आया है। जिलाधीश महोदय द्वारा इस मामले में एसडीएम सोलन को जांच के निर्देश देना इसकी गंभीरता को दर्शाता है।

सवाल यह भी है कि जब जिलाधीश ने मामले की जांच एसडीएम को सौंपी थी, तो जांच पूरी होने से पहले सोशल मीडिया के माध्यम से सफाई देने की आवश्यकता क्यों पड़ी? प्रशासनिक प्रक्रिया का सम्मान होना चाहिए और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट होनी चाहिए।
इस पूरे मामले में स्थानीय मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल की चुप्पी भी सवालों के घेरे में है। एक तरफ सोलन की जनता तहसील कार्यालय में अपने सामान्य कार्य करवाने के लिए परेशान है, दूसरी तरफ सरकारी अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर भी सवाल उठते रहे हैं। आखिर स्थानीय मंत्री जनता की इन समस्याओं के समाधान के लिए क्या कर रहे हैं?
सोलन की जनता को सोशल मीडिया पर सफाई नहीं, सरकारी कार्यालयों में जवाबदेही, अस्पतालों में बेहतर सुविधाएं और समस्याओं का समाधान चाहिए।
भाजपा सोलन शहरी मंडल मांग करता है कि तहसील कार्यालय प्रकरण की निष्पक्ष जांच हो और स्थानीय मंत्री जनता के सामने इन सभी मुद्दों पर अपना पक्ष रखें।
सोलन की जनता परेशान है, लेकिन मंत्री जी मौन क्यों हैं?








