भावना ठाकुर/सोलन
पुलिस थाना धर्मपुर में दर्ज एक चोरी के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए पुलिस ने एक आदतन अपराधी को गिरफ्तार किया है, जिसके खिलाफ प्रदेश के विभिन्न जिलों में चोरी के एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी की पहचान मोहमद शरीफ (55 वर्ष) पुत्र मोहमद गुलजार, निवासी गांव कोटी चडीयार, डाकघर सुरजन चिलोग, तहसील बनी, जिला कठुआ (जम्मू-कश्मीर) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, धर्मपुर निवासी करण कुमार ने पुलिस थाना धर्मपुर में शिकायत दर्ज करवाई थी कि 4 फरवरी 2026 को दिन के समय अज्ञात चोरों ने उनके घर के ताले तोड़कर करीब दो लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। उन्होंने बताया कि 5 फरवरी को जब उनके परिवार के सदस्य सत्संग से वापस लौटे तो घर का मुख्य गेट और दरवाजा खुला मिला और अलमारी का ताला टूटा हुआ था।

शिकायत के आधार पर पुलिस थाना धर्मपुर में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि पुलिस थाना ठियोग (जिला शिमला) में निवारक धाराओं के तहत गिरफ्तार एक व्यक्ति का आपराधिक इतिहास रहा है। इस सूचना पर पुलिस थाना धर्मपुर की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ठियोग पहुंचकर संदिग्ध से गहन पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी मोहमद शरीफ ने 4 फरवरी 2026 को धर्मपुर क्षेत्र में चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी को 12 मार्च 2026 को पुलिस थाना ठियोग से औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को आज 13 मार्च 2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी मोहमद शरीफ चोरी करने का आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों में चोरी के कुल 12 मामले दर्ज पाए गए हैं। इनमें शामिल हैं:
· पुलिस थाना सदर सोलन: 01 मामला
· पुलिस थाना अर्की (सोलन): 02 मामले
· पुलिस थाना चुवाड़ी (चंबा): 01 मामला
· पुलिस थाना सदर व सुजानपुर (हमीरपुर): 02 मामले
· पुलिस थाना सुंदरनगर, मंडी सदर व सरकाघाट (मंडी): 04 मामले
· पुलिस थाना ठियोग (शिमला): 02 मामले
पुलिस का कहना है कि आरोपी के अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है और मामले में आगे की जांच जारी है। आरोपी की गिरफ्तारी से प्रदेश में चोरी की कई वारदातों का पर्दाफाश होने की उम्मीद है।









