Home क्राइम सोलन पुलिस की पीओ सेल ने चोरी मामले के भगोड़े अपराधी को...

सोलन पुलिस की पीओ सेल ने चोरी मामले के भगोड़े अपराधी को बद्दी से दबोचा

3
0

भावना ठाकुर,

20 नवंबर / सोलन।

Jeevan Ayurveda Clinic

जिला पुलिस द्वारा भगोड़े आरोपियों की धरपकड़ और गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत जिला सोलन पुलिस की पीओ सेल की टीम ने दिनांक 16-11-2026 को बद्दी क्षेत्र से एक भगोड़े अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हीरा पाल उर्फ बांकू, पुत्र श्री राम लाल, निवासी गांव शील धार, डाकखाना एखे, तहसील बद्दी, जिला सोलन, हिमाचल प्रदेश, उम्र 28 वर्ष के रूप में हुई है।

उल्लेखनीय है कि उक्त आरोपी के विरुद्ध पूर्व में पुलिस थाना कसौली में चोरी का अभियोग संख्या 38/2018, दिनांक 24-05-2018 को धारा 379, 34 भादंस, धारा 3 पीडीपीपी एक्ट तथा धारा 5, 25 इंडियन टेलीग्राफ एक्ट के तहत पंजीकृत हुआ था। उक्त मामले के अन्वेषण के दौरान आरोपी को अन्य साथियों के साथ गिरफ्तार किया गया था, लेकिन बाद में वह जमानत पर रिहा हो गया था। मामले की जांच पूर्ण होने के उपरांत आरोपियों के विरुद्ध आरोपपत्र तैयार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया था।

मामले के विचारण के दौरान माननीय न्यायालय द्वारा उक्त आरोपी को बार-बार न्यायालय में उपस्थित होने के आदेश दिए गए, लेकिन वह न्यायालय में उपस्थित नहीं हुआ। परिणामस्वरूप, माननीय न्यायालय द्वारा दिनांक 04-07-2026 को उक्त आरोपी को भगोड़ा अपराधी घोषित किया गया था। भगोड़े आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पीओ सेल की टीम लगातार प्रयास कर रही थी। अंततः गुप्त सूचना एवं निरंतर निगरानी के आधार पर पीओ सेल की टीम ने दिनांक 16-11-2026 को उक्त आरोपी को बद्दी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के उपरांत उक्त आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। जिला सोलन पुलिस भगोड़े अपराधियों के विरुद्ध इस विशेष अभियान को आगे भी जारी रखेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here