भावना ठाकुर,
27 मई / सोलन।
सोलन जिले के डांगरी वार्ड से जिला परिषद की उम्मीदवार वनीता को पहले चरण के चुनाव में भारी जनसमर्थन मिलता दिख रहा है। वार्ड की विभिन्न पंचायतों में हुए प्रधान, उप प्रधान और वार्ड सदस्यों के चुनाव परिणामों ने साफ कर दिया है कि अब जिला परिषद सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में माहौल बन चुका है। नौणी पंचायत में कांग्रेस समर्थित शिवानी ठाकुर प्रधान चुनी गई हैं। वहीं जौणाजी पंचायत में प्रधान पद पर सचिन और उप प्रधान पद पर रघुवीर ने जीत दर्ज की है। ये दोनों उम्मीदवार भी कांग्रेस समर्थित हैं। मनसार पंचायत में कांग्रेस के समर्थन से जयप्रकाश प्रधान निर्वाचित हुए हैं।

शमरोड़ पंचायत में प्रधान पद के लिए रामगोपाल और उप प्रधान पद के लिए बांकेलाल ने जीत हासिल की है, जो दोनों ही कांग्रेस के करीबी माने जाते हैं। धार बखूना पंचायत में भी सुरेंद्र ठाकुर प्रधान बने हैं और वह भी कांग्रेस समर्थित हैं। इन चुनाव परिणामों के बाद डांगरी जिला परिषद वार्ड में जिला परिषद सदस्य की उम्मीदवार वनीता की दावेदारी काफी प्रबल मानी जा रही है। इस वार्ड में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों को करारी हार का सामना करना पड़ा है, जिससे यह साफ है कि यहाँ कांग्रेस की लहर है। अब देखना यह होगा कि क्या यह जनसमर्थन बीडीसी और जिला परिषद की सीटों पर भी कांग्रेस के पक्ष में ही रहता है। फिलहाल, वनीता की जीत की संभावनाओं को लेकर कांग्रेस खेमे में उत्साह का माहौल है।








