– सप्लाई और डिमांड, दोनों मोर्चों पर बड़ी कार्रवाई, पिछले तीन साल में सबसे अधिक संपत्ति अटैच
भूपेंद्र ठाकुर,
27 मई / शिमला।
शिमला: जिला पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ एक समग्र (कॉम्प्रिहेंसिव) अभियान चलाते हुए सप्लाई और डिमांड दोनों पक्षों पर कड़ी कार्रवाई की है। इस साल शिमला पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत 134 मुकदमे दर्ज किए हैं, जिनमें अधिकांश मामले इंटरमीडिएट और कमर्शियल मात्रा के हैं। पुलिस ने अब तक 286 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

सप्लाई चेन पर गहरा प्रहार:
सप्लाई साइड की कमर तोड़ने के लिए बैकवर्ड लिंकेज में कार्रवाई करते हुए 42 आरोपियों को पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, नेपाल बॉर्डर और केरल जैसे बाहरी राज्यों से स्पेशल टीमों ने दबोचा है। इसके अलावा, पिछले दो वर्षों (2024-25) में जहां यह कार्रवाई नहीं हुई थी, वहीं इस साल पुलिस ने नशा तस्करों की 1 करोड़ 13 लाख रुपये की अवैध संपत्ति जब्त करने में सफलता हासिल की है।
कुमारसैन का बड़ा मामला:
थाना कुमारसैन में 10 अप्रैल 2026 को दर्ज मुकदमा संख्या 27/2026 (धारा 18, 29 एनडीपीएस एक्ट) में वित्तीय जांच करते हुए करीब 53 लाख रुपये की संपत्ति फ्रीज की गई है।
· क्या बरामद हुआ?
आरोपियों ऐन बहादुर (नेपाल), चक्र बहादुर (नेपाल) और मोहन शाही (नेपाल) के पास से 9.028 किलोग्राम अफीम और 12 लाख रुपये कैश बरामद हुए थे।
· बैकवर्ड लिंकेज:
12 अप्रैल 2026 को आरोपिया लक्ष्मी (नेपाल मूल, ढाबा संचालक, कंडाघाट) के पास से 2.039 किलोग्राम अफीम बरामद हुई। इन चारों आरोपी वर्तमान में जेल कैंथू में न्यायिक हिरासत में हैं।
फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन के खुलासे:

जांच में पता चला कि आरोपी ऐन बहादुर (उर्फ राजू) और महिला आरोपी लक्ष्मी लंबे समय से कंडाघाट, नारकंडा इलाकों में अफीम सप्लाई कर रहे थे।
· ऐन बहादुर की संपत्ति: नशे के पैसे से इनोवा व अर्बन क्रूजर गाड़ी खरीदी, 12 लाख कैश भी बरामद।
· लक्ष्मी की संपत्ति: रॉयल एनफील्ड बाइक और बैंक खातों में 5 लाख रुपये।
· कुल फ्रीज: 53 लाख रुपये की संपत्ति।
(लक्ष्मी के खिलाफ थाना कंडाघाट में 2016 का भांग तस्करी का मामला भी विचाराधीन है।)
कोटखाई में 60 लाख की संपत्ति जब्त:
पुलिस थाना कोटखाई ने 2023 व 2025 में दर्ज एनडीपीएस मामलों में आरोपी आर्यन (उम्र 20, निवासी मिहाणी) को PIT NDPS के तहत 2026 में निरुद्ध किया गया।
· आरोपी से बरामदी और जांच:
4.82 ग्राम चिट्टा (मुकदमा 35/2025) व 1.15 ग्राम चिट्टा (मुकदमा 34/2023) मिला। आरोपी के बैंक खाते में वर्ष 2024 में 23 लाख व 2025 में 25 लाख रुपये का लेन-देन बिना आय के स्रोत के पाया गया। आरोपी ने नशे के पैसों से स्कार्पियो गाड़ी और दो मंजिला मकान बनवाया।
· जब्ती: कुल 60 लाख रुपये की अवैध संपत्ति जब्त की गई।
पुलिस का बड़ा दावा:
पिछले तीन वर्षों की तुलना में शिमला पुलिस ने इस वर्ष के मात्र तीन महीनों में ही नशा तस्करों की सबसे अधिक संपत्ति जब्ती की है। जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे अपराधियों के खिलाफ यह कठोर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।









