भूपेंद्र ठाकुर,
11 नवंबर / शिमला।
शिमला पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत डिटेक्शन सेल, उपमंडल रोहड़ू की टीम ने हाटकोटी के नजदीक गलू में गश्त के दौरान स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में एक व्यक्ति के कब्जे से लगभग 50 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की है। इस संबंध में एफआईआर संख्या 60/2026 दिनांक 07.11.2026, धारा 21 एनडीपीएस एक्ट, पुलिस थाना जुब्बल के तहत मामला दर्ज किया गया है।

इस मामले में संजू राही उर्फ माधव पुत्र श्री प्रेम राय निवासी नेपाल, उम्र 29 वर्ष को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी का माननीय न्यायालय से चार दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। आरोपी का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। उसके विरुद्ध पूर्व में एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मामले दर्ज पाए गए हैं। वर्ष 2020 में पुलिस थाना जुब्बल में 6.5 ग्राम चिट्टा बरामदगी का मामला दर्ज हुआ था, जबकि वर्ष 2025 में पुलिस थाना रोहड़ू में कोडीन फॉस्फेट एवं ट्रिप्रोलिडीन एचसीएल युक्त कफ सिरप की 70 बोतलें बरामद होने पर धारा 22 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले में आगामी अन्वेषण जारी है।








