भावना ठाकुर,
24 अक्टूबर / सोलन।
साई इंटरनेशनल स्कूल में आज छात्राओं, महिला स्टाफ सदस्यों एवं माताओं के लिए एक जानकारीपूर्ण एवं संवादात्मक हेल्दी टॉक सेशन का आयोजन किया गया। इस सत्र का संचालन वोहरा हॉस्पिटल सोलन के डायरेक्टर डॉ. पियूष वोहरा, स्त्री रोग विशेषज्ञ द्वारा किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन रामिंदर बावा एवं प्रधानाचार्या श्रीमती मीरा गुप्ता ने अतिथियों का हरित स्वागत किया। सत्र के दौरान महिलाओं के स्वास्थ्य एवं कल्याण से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई, जिनमें मासिक धर्म स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, किशोरावस्था में होने वाली सामान्य स्त्री रोग संबंधी समस्याएँ, पीसीओएस (PCOS), पीसीओडी (PCOD) एवं हार्मोनल असंतुलन, प्रजनन स्वास्थ्य तथा व्यक्तिगत स्वच्छता जैसे विषय शामिल रहे। इसके अतिरिक्त, प्रश्नोत्तर सत्र के माध्यम से प्रतिभागियों को अपनी शंकाओं का समाधान प्राप्त करने का अवसर भी मिला।

इस सत्र का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं छात्राओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, स्वस्थ आदतों को प्रोत्साहित करना तथा स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर खुलकर चर्चा करने के लिए सहज वातावरण प्रदान करना था।
यह सत्र सभी प्रतिभागियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी रहा। इसने स्वस्थ जीवन के लिए जागरूकता, व्यक्तिगत देखभाल और समय पर चिकित्सकीय परामर्श के महत्व को रेखांकित किया।








