भावना ठाकुर,
01 नवंबर / सोलन।
जिला सोलन पुलिस द्वारा भगोड़े आरोपियों की धरपकड़ और गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत आज दिनांक 28-10-2026 को जिला पुलिस की पीओ सेल की टीम ने एक भगोड़े आरोपी जतिन नेगी उर्फ जितेंदर, निवासी गांव जाहू डीम, डाकखाना जाहू, तहसील ननखड़ी, जिला शिमला, हिमाचल प्रदेश, उम्र 29 वर्ष को जिला शिमला के गांव खोलीघाट क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।

उल्लेखनीय है कि उक्त आरोपी के विरुद्ध पूर्व में पुलिस थाना कंडाघाट में अभियोग संख्या 03/2018, दिनांक 25-01-2018, धारा 392, 457, 34 भादंस के तहत मामला दर्ज हुआ था। उक्त मामले में आरोपी ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ कंडाघाट में शराब के ठेके से 62,000 रुपये की लूट की थी। मामले के अन्वेषण के दौरान उक्त आरोपी को उसके तीन अन्य साथियों के साथ गिरफ्तार किया गया था, जिसके बाद वे जमानत पर रिहा हो गए थे। अन्वेषण पूर्ण होने के उपरांत आरोपियों के विरुद्ध आरोपपत्र तैयार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया था।
मामले के विचारण के दौरान माननीय न्यायालय द्वारा उक्त आरोपी को बार-बार न्यायालय में उपस्थित होने के आदेश दिए गए, लेकिन वह न्यायालय में उपस्थित नहीं हुआ। परिणामस्वरूप माननीय न्यायालय द्वारा दिनांक 27-08-2026 को उक्त आरोपी को भगोड़ा अपराधी घोषित किया गया था। भगोड़े आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जिला स्तर पर गठित पीओ सेल की टीम लगातार प्रयास कर रही थी, जबकि गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी बार-बार अपने ठिकाने बदल रहा था। अंततः गुप्त सूचना और निरंतर निगरानी के आधार पर पीओ सेल की टीम ने दिनांक 28-10-2026 को उक्त आरोपी को जिला शिमला के गांव खोलीघाट क्षेत्र से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के उपरांत आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जिला जेल सोलन भेज दिया गया।








