Home ट्रेंडिंग हमने सड़क बनाने के हर रिकॉर्ड तोड़े क्योंकि हमें लोगों की पीठ...

हमने सड़क बनाने के हर रिकॉर्ड तोड़े क्योंकि हमें लोगों की पीठ का बोझ उतारना था : जयराम ठाकुर

3
0

हिमाचल समय न्यूज़,

10 नवंबर / कुल्लू/आनी ।

Jeevan Ayurveda Clinic

नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सम्मान समारोह में शामिल होने आनी पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि अपनों की पीड़ा कम करने का सुख ही अलग होता है। हम इन्हीं घाटियों में पैदा हुए, पले-बढ़े। यहीं बार-बार गिरे और उठ खड़े हुए। इसलिए हम अपने लोगों की पीड़ा जानते हैं। हमें अपने लोगों की दुश्वारियां भी पता हैं और दुख-दर्द भी।

हमने सिर्फ अपने लोगों से नहीं, बल्कि खुद से भी यह वादा किया था कि जब हमें मौका मिलेगा, हम अपने लोगों की पीठ का बोझ उतारने के लिए जी-जान लगा देंगे। हमने कोशिश की और उसमें सफलता मिली। कोविड के बावजूद भी पिछली सरकार में हमने सड़क बनाने के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। हमने जो रिकॉर्ड अपनी सरकार में बनाया, उसे तोड़ना कभी आसान नहीं होगा।

जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हमने अपने बुजुर्गों का आशीर्वाद लेकर अपनी सरकार की शुरुआत की थी। हर बुजुर्ग को पेंशन मिले, यह कोशिश मैंने अपनी पहली कैबिनेट में की थी, लेकिन व्यवस्था परिवर्तन वाले सुक्खू महाराज ने अपना कार्यकाल बिना कैबिनेट के गठन के ही लोगों के दुख-दर्द बांटने वाली 1000 से ज्यादा संस्थाओं को बंद करके शुरू किया। सुक्खू महाराज ने आनी विधानसभा क्षेत्र में क्या विद्यालय, क्या अस्पताल और क्या कार्यालय, सब कुछ बंद कर दिया। आधा दर्जन से ज्यादा वेटरिनरी अस्पताल आनी में बंद किए गए। हमने इतने वेटरिनरी अस्पताल इसलिए खोले थे क्योंकि आनी हिमाचल में पशुपालन और दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहा है और जब पशु ज्यादा होंगे तो उन्हें इलाज के लिए भी अस्पतालों की जरूरत पड़ेगी, लेकिन मुख्यमंत्री ने बेजुबानों का दर्द भी नहीं समझा।

उन्होंने कहा कि सिर्फ मुख्यमंत्री को श्रेय लेने की बेसब्री रहती है। बीबीएमबी हो या वाइल्डफ्लावर हॉल, हर जीत का सेहरा अपने सिर बांधते हैं, लेकिन वह भूल जाते हैं कि बीबीएमबी की फाइनल जीत 2011 में धूमल की सरकार में हो गई थी और वाइल्डफ्लावर हॉल की जीत अक्टूबर 2022 में हुई थी, जबकि सुक्खू उसके दो महीने बाद मुख्यमंत्री बने थे।

सुंदर सिंह ठाकुर पर चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा कि एक मित्र के नाते मुख्यमंत्री ने उनके साथ जो किया, वह भगवान करे किसी के साथ न हो। उन्हें मंत्री बनाने के नाम पर मुख्यमंत्री पूरे प्रदेश में ही नहीं, देश में भी अपने पीछे-पीछे घुमा रहे हैं और सुंदर सिंह ठाकुर भी उनके पीछे-पीछे घूम रहे हैं। मुख्यमंत्री को एक साल बाद याद आया कि उनके ग्रह खराब हैं। अब सुंदर सिंह को मंत्री बनने के बजाय अपने स्वाभिमान की चिंता करनी चाहिए और उन्हें मुख्यमंत्री से साफ शब्दों में कह देना चाहिए कि उन्हें मंत्री नहीं बनना। इससे सुंदर सिंह का ही मान बढ़ेगा। मंत्री पद के लिए इतना अपमानित होने का कोई तुक नहीं बनता है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री को अपनी नाकामी की पूरी जानकारी थी, इसीलिए वह पंचायत चुनाव नहीं करवाना चाहते थे। उन्होंने सब कुछ कर लिया, सुप्रीम कोर्ट तक लड़ाई लड़ी, करोड़ों रुपये वकीलों को फीस के रूप में दिए, लेकिन भाजपा ने ठाना था कि हर हाल में चुनाव करवाने हैं। हम सुप्रीम कोर्ट तक गए और एक बात कही कि जब कोविड में चुनाव करवाए जा सकते हैं तो अब क्यों नहीं? हमारी बात मानी गई। हमने मुख्यमंत्री को चुनाव करवाने के लिए विवश किया। चुनाव में हिमाचल प्रदेश के लोगों का हमें भरपूर प्यार मिला और कांग्रेस भरमौर से लेकर सिरमौर तक साफ हो गई। जिला परिषद के 12 में से 11 जिलों में कांग्रेस हार गई, सिर्फ चंबा में एक वोट से भाजपा पीछे रह गई। कांग्रेस की विधानसभा में और भी दुर्गति होने वाली है।

जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री से कांग्रेस की गारंटियों पर सवाल पूछते हुए कहा कि नौकरियां देने के बजाय मुख्यमंत्री ने उन युवाओं को भी नौकरी से निकाल दिया, जिन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना कोविड के मरीजों की मदद की थी। प्रदेश की कितनी महिलाओं को 1500 रुपये दिए गए, जबकि चुनावी मंचों से हर महिला को सम्मान राशि देने का वादा किया था। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि चार साल का कार्यकाल बीतने को है और मुख्यमंत्री आपदा के समय सिर्फ एक बार आनी विधानसभा क्षेत्र पहुंचे हैं, जबकि मुख्यमंत्री रहते हुए वह सात बार आनी विधानसभा क्षेत्र पहुंचे। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, जल जीवन मिशन जैसे सभी क्षेत्रों में सैकड़ों करोड़ की योजनाएं चलाईं। आज अस्पतालों में डॉक्टर नहीं हैं, पैरामेडिकल स्टाफ नहीं है। एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड जैसी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। बसों के आधे से ज्यादा रूट बंद हैं। लोगों को उनके दूध का पैसा समय पर नहीं मिल रहा है। इसके लिए आए दिन प्रदर्शन करने पड़ रहे हैं।

जयराम ठाकुर ने वर्तमान विधायक लोकेंद्र कुमार की प्रशंसा करते हुए विधानसभा क्षेत्र में उनके द्वारा किए जा रहे प्रयासों और लोगों के सुख-दुख में खड़े होने के उनके काम की सराहना की। उन्होंने आगामी चुनाव में उन्हें भारी से भारी मतों से जीताकर विधानसभा भेजने का आग्रह किया। इस अवसर पर उन्होंने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को सम्मानित भी किया। उन्होंने कहा कि इस जनसभा में जिस तरह का उत्साह और उमंग देखने को मिल रहा है, उससे स्पष्ट है कि आने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिलने वाले मतों का पिछला रिकॉर्ड भी टूटेगा। उन्होंने कहा कि विधानसभा से लेकर सड़क तक अपने लोगों की आवाज के लिए जी-जान लगाने वाले नेता को आप सभी आगे बढ़ाइए।

उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में हिमाचल प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयां छुएगा। सिरमौर से लेकर भरमौर तक मैंने लोगों से मिलकर देखा है कि चारों तरफ से सिर्फ एक ही आवाज भाजपा की आ रही है। लोग इस इंतजार में हैं कि कितनी जल्दी यह सरकार जाए और डबल इंजन वाली सरकार आए, जो नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में काम करे। अगले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी का सूपड़ा साफ करने की जिम्मेदारी हम सभी की है, इसलिए सभी सिर्फ भाजपा के लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here