निजी संवाददाता,
13 अप्रैल, कसौली (सोलन)।
पर्यटन नगरी कसौली के प्रसिद्ध हेरिटेज मार्केट में सोमवार तड़के करीब साढ़े चार बजे भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और बाजार की कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। पुलिस बल के साथ स्थानीय दुकानदार और आसपास के लोग भी आग बुझाने के प्रयासों में जुट गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास की दुकानों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
खानपान की दुकानों में रखे गैस सिलेंडरों के फटने से हालात और गंभीर हो गए। धमाकों के बाद पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। फिलहाल, सिलेंडर विस्फोट के खतरे को देखते हुए दुकानों के करीब नहीं जाया जा सकता, जिससे आग बुझाने में दिक्कत आ रही है। दमकल कर्मी लगातार मशक्कत कर रहे हैं, लेकिन अब तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है।
आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया है। पुलिस ने इलाके को घेर लिया है और किसी भी अनहोनी से बचने के लिए भीड़ को दूर रहने की अपील की गई है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है।









