भूपेंद्र ठाकुर,
12 अक्टूबर / ठियोग (शिमला)।
दिनांक 04 अक्टूबर 2026 को ठियोग क्षेत्र में हुई मारपीट की घटना के संबंध में पुलिस थाना ठियोग में अभियोग संख्या 149/26, दिनांक 05 अक्टूबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था।

प्राप्त शिकायत के अनुसार, दिनेश वेक्टा और अजय गजौत अपने घर के पास गाड़ी पार्क कर रहे थे। इसी दौरान आरोपियों ने दोनों के साथ बहसबाजी और मारपीट की।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 05 अक्टूबर 2026 को इस मामले में आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जो वर्तमान में न्यायिक हिरासत में हैं। मामले की जांच के दौरान गाड़ी के चालक आकाश (33 वर्ष), निवासी गांव कडैल, तहसील कोटखाई, जिला शिमला की संलिप्तता सामने आने पर उसे भी गिरफ्तार किया गया है।
शिमला पुलिस जिला में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा शांति भंग करने वाली गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है।






