भूपेंद्र ठाकुर,
06 अक्टूबर / शिमला ।
हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मौसम ने अचानक करवट बदल ली है। धर्मशाला और मनाली में झमाझम बारिश दर्ज की गई, जबकि लाहौल-स्पीति और कुल्लू की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। रोहतांग दर्रे सहित ऊंचे इलाकों में बर्फ पड़ने से ठंड बढ़ गई है। शिमला में बादल छाए हुए हैं।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई भागों में लगातार आठ दिन तक बारिश-बर्फबारी होने के आसार हैं। इस दौरान कई क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मंगलवार दोपहर बाद मौसम ने फिर करवट बदली। किन्नौर के चौरा क्षेत्र में भारी ओलावृष्टि हुई, जबकि रामपुर बुशहर के ऊंचाई वाले इलाकों में जमकर बारिश हुई। रामपुर और आसपास के क्षेत्रों में भी बारिश का दौर चला। चौरा में तेज ओलावृष्टि से किसानों और बागवानों की चिंता बढ़ गई है। रामपुर के 1520 क्षेत्र में भी आंधी के साथ तेज बारिश और ओलावृष्टि हुई। इससे राजमाह, मक्की, धान, तुलसी सहित अन्य नकदी फसलों को नुकसान पहुंचा है। चौरा, छोटा कंबा और बड़ा कंबा में मंगलवार शाम करीब 4 से 4:30 बजे तक जमकर ओले बरसे। करीब आधे घंटे तक हुई भारी ओलावृष्टि से खेत और बगीचे सफेद चादर से ढक गए। जबकि देर शाम सोलन और आसपास के एरिया में भी जमकर बारिश हुई है
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 6 से 9 अक्तूबर के बीच राज्य में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी होने की संभावना है। 10 अक्तूबर को मैदानी और कम ऊंचाई वाले कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं, जबकि अन्य भागों में हल्की बारिश की संभावना है। 11 और 12 अक्तूबर को भी कुछ भागों में मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है।
विभाग के मुताबिक ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, सोलन और सिरमौर जिलों में 6 से 10 अक्तूबर तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में 6 से 9 अक्तूबर तक हल्की से मध्यम बारिश होगी। किन्नौर और लाहौल-स्पीति में 8 और 9 अक्तूबर को अच्छी बारिश-बर्फबारी हो सकती है। बाकी दिनों में अन्य भागों में हल्की बारिश की संभावना है।








