हिमाचल समय न्यूज़,
21 अक्टूबर / दभोटा।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दभोटा के विद्यार्थियों ने जिला स्तरीय अंडर-14 खेलकूद प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय उचागांव, कुनिहार में आयोजित इस प्रतियोगिता में विद्यालय के खिलाड़ियों ने ताइक्वांडो, लॉन्ग जंप और टेबल टेनिस में पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

ताइक्वांडो प्रतियोगिता में छात्र वर्ग में विवेक ने 21 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक, रजवीर ने 29 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक तथा प्रभजोत ने 41 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में रजत पदक हासिल किया। छात्रा वर्ग में बलविंदर कौर ने 38 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक, परमजीत कौर ने 35 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक तथा संध्या ने 38 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता, जबकि तनवीर कौर ने 32 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक प्राप्त किया।
लॉन्ग जंप प्रतियोगिता में लक्ष्मी ने रजत पदक हासिल किया। वहीं, 100 मीटर दौड़ में बलविंदर ने कांस्य पदक जीतकर विद्यालय की उपलब्धियों में एक और पदक जोड़ा। टेबल टेनिस प्रतियोगिता में बलविंदर कौर, संध्या और मोहप्रीत कौर की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दूसरा रनर-अप स्थान प्राप्त किया तथा कांस्य पदक हासिल किया।
विद्यालय के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी की लहर है। विद्यालय के प्रधानाचार्य नरिंदर सिंह, जोगिंदर पाल, शारीरिक शिक्षा अध्यापक शशिकांता, टीजीटी आर्ट्स ललित कुमार, डीपीई शास्त्री सोहन, गणित प्रवक्ता सेवा सिंह, विज्ञान प्रवक्ता मोहिंदर पाल, राजवंत कौर, अनिता वर्मा, शशि कुमारी, अंबिका कुमारी, रजनी देवी, यजुविंदर कौर, गुरनाम सिंह तथा अन्य स्टाफ सदस्यों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। खिलाड़ियों की यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है। विद्यालय परिवार ने सभी विजेता खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई दी।







