भावना ठाकुर,
28 सितंबर / परवाणू (सोलन)।
दिनांक 16-09-2026 को जिला पुलिस की SIU टीम थाना परवाणू क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि परवाणू की ओर से धर्मपुर की तरफ जा रही एक आल्टो कार में तीन युवक सवार हैं, जो चिट्टा/हेरोइन की अवैध खरीद-फरोख्त में संलिप्त हैं। सूचना के आधार पर SIU टीम द्वारा तत्काल नाकाबंदी की गई। नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध आल्टो कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने वाहन की गति बढ़ाकर नाके से भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने तत्परता से वाहन का पीछा किया। पीछा किए जाने के दौरान चालक ने वाहन को तेज गति से चलाते हुए रेलवे फाटक जाबली के समीप एक अन्य वाहन को टक्कर मार दी, जिससे दोनों वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गए।
पुलिस टीम के मौके पर पहुंचने पर कार में सवार तीनों युवक भागने लगे, जिनमें से एक युवक को पुलिस टीम ने मौके पर काबू कर लिया। काबू किए गए युवक की पहचान हिमांशु कंवर पुत्र श्री बलबीर सिंह, निवासी उदय विहार, डाकखाना सपरून, तहसील व जिला सोलन, हिमाचल प्रदेश, उम्र 24 वर्ष के रूप में हुई। वाहन की तलाशी लेने पर उसके अंदर से 11.60 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई। मामले में हिमांशु कंवर को नियमानुसार गिरफ्तार कर पुलिस थाना परवाणू में अभियोग पंजीकृत किया गया है। दुर्घटनाग्रस्त आल्टो कार को भी पुलिस द्वारा जब्त कर कब्जा पुलिस में लिया गया था।
गिरफ्तार आरोपी को दिनांक 17-09-2026 को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश करके 02 दिन का पुलिस हिरासत रिमांड हासिल किया गया था, जिससे गहनता से पूछताछ की गई। गिरफ्तार आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की जांच में यह भी सामने आया है कि उसके विरुद्ध पुलिस थाना परवाणू में चिट्टा तस्करी से संबंधित एक मामला पूर्व में भी दर्ज है।
अन्वेषण के दौरान मौके से फरार हुए दो अन्य आरोपियों की पहचान पंकज ठाकुर उर्फ चन्चू पुत्र श्री बहादुर सिंह ठाकुर, निवासी गांव गलानग, तहसील एवं जिला सोलन तथा सचिन कुमार पुत्र श्री इन्द्र सिंह, निवासी गांव शिल्ली, डाकखाना दामकड़ी, तहसील एवं जिला सोलन के रूप में हुई थी। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे थे। इसी क्रम में पुलिस द्वारा आरोपियों के मोबाइल फोन की लोकेशन सहित उपलब्ध अन्य तकनीकी साक्ष्यों का गहन एवं निरंतर विश्लेषण किया जा रहा था।
तकनीकी साक्ष्यों से प्राप्त महत्वपूर्ण सुरागों के आधार पर दिनांक 21-09-2026 को पुलिस थाना परवाणू की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से फरार आरोपी सचिन कुमार पुत्र श्री इन्द्र सिंह, निवासी गांव शिल्ली, डाकखाना दामकड़ी, तहसील एवं जिला सोलन, हिमाचल प्रदेश, उम्र 32 वर्ष को परवाणू बैरियर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी को आज दिनांक 22-09-2026 को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की पड़ताल करने पर सामने आया कि आरोपी पूर्व में भी चिट्टा तस्करी के मामलों में संलिप्त रहा है। आरोपी के विरुद्ध चिट्टा तस्करी से संबंधित कुल 03 मामले पंजीकृत पाए गए हैं, जिनमें 02 मामले पुलिस थाना सदर सोलन तथा 01 मामला पुलिस थाना धर्मपुर में दर्ज है। इसके अतिरिक्त, रिकॉर्ड की जाँच में यह भी पाया गया कि आरोपी के विरुद्ध PIT-NDPS Act के तहत निवारक कार्रवाई की जा चुकी है तथा वह लगभग 04 माह तक जिला जेल में निवारक हिरासत में रह चुका है। इसके अलावा फरार तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार दबिश एवं अन्य आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी हेतु हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में आगामी अन्वेषण जारी है।








