भावना ठाकुर,
24 सितंबर / सोलन।
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के आंजी सेरी में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसमें 29 वर्षीय विवाहिता ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली और उसकी 6 माह की बच्ची की पानी से भरी बाल्टी में सिर के बल डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 23-09-2026 को श्री हरिंदर बिष्ट, निवासी आंजी सेरी, सोलन ने पुलिस चौकी सपरून को दूरभाष पर सूचना दी कि उनकी बेटी ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है तथा उनकी 6 माह की नातिन शैलजा की पानी से भरी बाल्टी में सिर के बल डूबने से मृत्यु हो गई है।
सूचना मिलते ही पुलिस चौकी सपरून की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मौके पर एक महिला कमरे के अंदर लगे पंखे की कुंडी से चुन्नी के फंदे के सहारे लटकी हुई पाई गई, जबकि एक छोटी बच्ची डबल बेड पर मृत अवस्था में मिली। तस्दीक के बाद मृतका महिला की पहचान परिशिका कौंडल, पत्नी श्री आशुतोष कौंडल, निवासी गांव एवं डाकघर नम्होल, तहसील एवं जिला बिलासपुर, हिमाचल प्रदेश, उम्र 29 वर्ष के रूप में हुई। बच्ची की पहचान शैलजा कौंडल, पुत्री श्री आशुतोष कौंडल, निवासी नम्होल, तहसील एवं जिला बिलासपुर, उम्र 6 माह के रूप में हुई।
पुलिस टीम द्वारा मौके पर समस्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाने के उपरांत दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल सोलन ले जाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सकों द्वारा दोनों शवों को आगामी पोस्टमॉर्टम हेतु IGMC शिमला रेफर कर दिया गया। दिनांक 24-09-2026 को दोनों शवों का IGMC शिमला में पोस्टमॉर्टम कराया गया। विसरा को पुलिस कब्जे में लेकर उसे SFSL जुंगा भेजा जा रहा है। मौके का निरीक्षण SFSL की विशेषज्ञ टीम द्वारा भी किया गया तथा मौके से प्राप्त भौतिक साक्ष्यों को एकत्रित कर पुलिस कब्जे में लिया गया।
जांच के दौरान सामने आया कि मृतका परिशिका कौंडल की शादी लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व नम्होल निवासी आशुतोष कौंडल के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही मृतका और उसके पति के बीच किसी बात को लेकर अनबन रहती थी। दिनांक 20-09-2026 को मृतका ने अपने पिता को बताया था कि उसका पति उसे बहुत तंग करता है तथा वह अब अपने पति के साथ नहीं रहना चाहती। इसके बाद मृतका अपनी बेटी को लेकर अपने पिता के आंजी सेरी, सोलन स्थित क्वार्टर में आ गई थी।
दिनांक 23-09-2026 को मृतका की छोटी बहन बाजार गई हुई थी तथा मृतका के पिता अपनी ड्यूटी के सिलसिले में धर्मपुर गए हुए थे। जब मृतका की बहन वापस क्वार्टर पर पहुंची तो क्वार्टर का दरवाजा अंदर से बंद था तथा खिड़कियों के सभी पर्दे बंद थे। उसके द्वारा आवाज लगाने एवं दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। इस पर उसने अपने पिता को फोन कर उक्त बात की सूचना दी।
सूचना मिलने पर मृतका के पिता क्वार्टर पर पहुंचे तथा खिड़की की जाली में छेद कर खिड़की की कुंडी खोलकर अंदर देखा। उन्होंने पाया कि मृतका कमरे में लगे पंखे की कुंडी से चुन्नी का फंदा लगाकर लटकी हुई थी तथा उसकी 6 माह की पुत्री शैलजा पानी से भरी बाल्टी में सिर के बल पड़ी हुई थी, जिसकी मृत्यु हो चुकी थी।
इस संबंध में पुलिस थाना सदर सोलन में आत्महत्या से संबंधित धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पोस्टमॉर्टम के उपरांत दोनों शवों को अंतिम दाह संस्कार हेतु उनके वारिसों को सौंप दिया गया है। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच प्राथमिकता के आधार पर सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जारी है।








