भावना ठाकुर,
01 सितंबर / सोलन।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डॉ. अजय पाठक की अध्यक्षता में ज़िला के सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों, चिकित्सा अधिकारियों एवं क्षेत्रीय स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के साथ विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति एवं क्रियान्वयन के सम्बन्ध में आज यहां वर्चुअल समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
डॉ. अजय पाठक ने निर्देश दिए कि ज़िला के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में 24×7 आइसोलेशन बेड उपलब्ध एवं क्रियाशील रखे जाएं। उन्होंने विशेष रूप से इन्फ्लुएंजा जैसे लक्षण तथा गंभीर तीव्र सांस संक्रमण वाले बीमार रोगियों की तत्काल रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि अधिकारी उक्त बीमारी वाले रोगियों का समय पर मूल्यांकन, आइसोलेशन, उपचार एवं आवश्यकता पड़ने पर उच्च स्वास्थ्य संस्थान में रेफरल करने सुनिश्चित बनाएं।
डॉ. अजय पाठक ने सम्बन्धित अधिकारियों को विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा जमीनी स्तर पर सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने एच.पी.वी. टीकाकरण अभियान को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने पर विशेष बल दिया। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के अंतर्गत प्रति सप्ताह तीन एच.पी.वी. टीकाकरण शिविर आयोजित किए जाएं।
उन्होंने कहा कि एच.पी.वी. टीकाकरण अभियान के बारे में जागरूक करने के लिए विद्यालयों में सप्ताह में दो दिन शिविर आयोजित किए जाएं। प्रथम दिन विद्यालयों में ‘जागरूकता एवं संवेदीकरण कार्यक्रम’ आयोजित किया जाए। इसमें विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को एचपीवी संक्रमण, इससे बचाव तथा एचपीवी टीकाकरण के महत्व के बारे में जानकारी दी जाए तथा दूसरे दिन पात्र लाभार्थियों का एचपीवी टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए तथा आवश्यक परामर्श एवं सहमति की प्रक्रिया पूरी हो सके।
उन्होंने अधिकारियों को एचपीवी टीकाकरण अभियान जागरूकता शिविरों में सभी संबंधित ग्राम पंचायतों को शामिल करने तथा पात्र लाभार्थियों के अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि इन शिविरों को केवल एचपीवी टीकाकरण तक सीमित न रखे बल्कि समग्र स्वास्थ्य सेवाओं एवं जन-जागरूकता के लिए एकीकृत स्वास्थ्य आउटरीच प्लेटफॉर्म के रूप में उपयोग करें। उन्होंने शिविरों में विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की गतिविधियों को भी शामिल करने के निर्देश दिए।
डॉ. पाठक ने बुखार एवं अन्य तीव्र बीमारी के मामलों की निगरानी तथा स्वास्थ्य संस्थानों की तैयारियों की समीक्षा भी की। उन्होंने सभी क्षेत्रीय स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए कि बुखार के सभी मामलों की समयबद्ध रिपोर्टिंग निर्धारित निगरानी प्रणाली के माध्यम से सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर स्वास्थ्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डॉ. योगेश गुप्ता, ज़िला टीकाकरण अधिकारी डॉ. गगन दीप, स्वास्थ्य विभाग की ज़िला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रियंका सहित ज़िला के समस्त चिकित्सा अधिकारी वर्चुअल माध्यम उपस्थित थे।








