भूपेंद्र ठाकुर,
01 सितंबर / शिमला।
जिला शिमला पुलिस द्वारा नशा तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत चिट्टा तस्करी के एक मामले में बैकवर्ड लिंकज की गहन जांच करते हुए मुख्य सप्लायर नरेश कुमार को चंडीगढ़ में सफल कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार किया गया है।
दिनांक 23.08.2026 को उपमण्डल रामपुर बुशैहर डिटेक्शन टीम द्वारा सोफा कैंची, नजद किंगल में एक रिकवरी वैन की तलाशी के दौरान 11.35 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई थी। इस संबंध में अभियोग संख्या 65/2026 दिनांक 23.08.2026, अधीन धारा 21/29 ND&PS Act, पुलिस थाना कुमारसैन में पंजीकृत किया गया। मामले में कुलदीप, ललित, विक्रम एवं संजीव कुमार को गिरफ्तार किया गया।

मामले की जांच के दौरान पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ कर उनके बैकवर्ड लिंकज एवं सप्लाई नेटवर्क की गहनता से पड़ताल की गई। पुलिस हिरासत रिमाण्ड के दौरान आरोपी ललित कुमार से पूछताछ में सामने आया कि बरामद चिट्टा/हेरोइन उसे एवं उसके साथियों को नरेश कुमार पुत्र शोंकी राम, निवासी इंदिरा कॉलोनी, मनीमाजरा, चंडीगढ़, उम्र 60 वर्ष द्वारा मनीमाजरा, चंडीगढ़ में उपलब्ध करवाया गया था।
जांच में सामने आया कि नरेश कुमार पेशे से मैकेनिक है तथा मैकेनिक के कार्य की आड़ में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री एवं सप्लाई में संलिप्त था। पूछताछ एवं जांच से मनीमाजरा में उक्त नशीले पदार्थ की खरीद एवं सप्लाई में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका सामने आई।
प्राप्त तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर जिला शिमला पुलिस की टीम द्वारा चंडीगढ़ में एक सफल कार्रवाई करते हुए मुख्य सप्लायर नरेश कुमार को दिनांक 29.08.2026 को गिरफ्तार किया गया।
आरोपी का 3 दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया। मामले में गहन जांच जारी है।








