भूपेंद्र ठाकुर,
15 जून / शिमला।
जिला शिमला पुलिस ने एक बेहद संवेदनशील हत्या के मामले का पर्दाफाश मात्र 39 घंटों के भीतर कर दिखाया। पुलिस ने हरियाणा से दो पेशेवर शूटरों को गिरफ्तार कर उनके पास से वारदात में इस्तेमाल दोनों पिस्तौलें बरामद कर ली हैं।
दिनांक 13 जून 2026 को शाम को सूचना मिली कि हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, शिमला स्थित सरस्वती पैराडाइज इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल के सामने दो अज्ञात व्यक्तियों ने श्रीमती मनीषा मित्तल की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने मौके से भौतिक एवं जैविक साक्ष्य जुटाए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए शिमला पुलिस ने कई विशेष टीमों का गठन किया। इन टीमों को हिमाचल प्रदेश के साथ-साथ हरियाणा जैसे बाहरी राज्यों में भी भेजा गया। खुफिया इकाइयों को सक्रिय कर सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक डाटा और डिजिटल साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया गया।
जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि आरोपी हरियाणा से सफेद रंग की स्विफ्ट कार में शिमला आए थे। पहचान छिपाने के लिए उन्होंने अपने हरियाणा नंबर के वाहन पर हिमाचल प्रदेश का फर्जी पंजीकरण नंबर (HP-10 सीरीज़) लगा रखा था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर वाहन की असली पहचान कर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
गिरफ्तार आरोपी:
- आशीष अहलावत पुत्र सुरेन्द्र सिंह, ग्राम दुजाना, जिला झज्जर, हरियाणा (आयु 22) – पूर्व में थाना अर्बन एस्टेट, रोहतक में धारा 308 BNS का मुकदमा दर्ज।
- दीपक पुत्र सुरेन्द्र सिंह, सुनारिया खुर्द, रोहतक, हरियाणा (आयु 25) – पूर्व में 4 मुकदमे (दो आर्म्स एक्ट, एक मारपीट, एक 308 BNS)।

शिमला पुलिस ने आज रोहतक, हरियाणा से विशेष अभियान में दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने साफ किया कि मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की जांच जारी है और सभी दोषियों के खिलाफ विधि सम्मत कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
शिमला पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई और अंतरराज्यीय समन्वय की सराहना की जा रही है।








