Home चुनाव डॉ. शांडिल ने नवनिर्वाचित प्रधान व उप प्रधानों को दिलाई शपथ

डॉ. शांडिल ने नवनिर्वाचित प्रधान व उप प्रधानों को दिलाई शपथ

6
0

भावना ठाकुर,

15 जून / सोलन।

Jeevan Ayurveda Clinic

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधि ज़िला सोलन के ग्रामीण विकास सामाजिक प्रगति एवं सुशासन की दिशा तय करेंगे। डॉ. शांडिल आज यहां नवनिर्वाचित प्रधान व उप-प्रधानों को शपथ दिलवाने के उपरांत उपस्थित प्रतिनिधियों को संबोधित कर रहे थे।
डॉ. शांडिल ने नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को शपथ दिलवाने के उपरांत बधाई देते हुए कहा कि ज़िला सोलन की जनता ने प्रतिनिधियों पर अपना विश्वास व्यक्त किया है और जन सेवा का महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है। उन्होंने कहा कि नवनिर्वाचित प्रतिनिधि हजारों नागरिकों की आशाओं, अपेक्षाओं और विश्वास का प्रतीक है।


स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पंचायती राज संस्थाएं लोकतंत्र की आधारशिला है। यह संस्थाएं जनता एवं प्रशासन के मध्य सेतु के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव जीतने तक सीमित नहीं है बल्कि जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने की सतत प्रक्रिया है। जनप्रतिनिधि का मूल्यांकन उनके कार्यकाल के दौरान किए गए कार्यों, उनकी ईमानदारी, पारदर्शिता और जन सेवा की भावना से होता है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि सभी मिलकर संकल्प लें कि सोलन ज़िला की प्रत्येक पंचायत को विकास, सुशासन, स्वच्छता, पारदर्शिता और जन भागीदारी का आदर्श बनाएंगे तथा हिमाचल प्रदेश ग्रामीण विकास क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज का आधार मज़बूत स्वास्थ्य सेवाएं और सक्षम मानव संसाधन होते है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र को सुदृढ़ करने और युवाओं को रोज़गार के अधिक अवसर उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
इस अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों द्वारा नशाबंदी पर लघु नाटिका तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा उपलब्धियों पर आधारित गीत-संगीत के माध्यम से विस्तार से जानकारी प्रदान की गई।
कसौली विधानसभा क्षेत्र के विधायक विनोद सुल्तानपुरी तथा नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक हरदीप सिंह बावा ने इससे पूर्व नव निर्वाचित प्रतिनिधियों को बधाई दी तथा अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने मुख्यातिथि का स्वागत किया तथा अतिरिक्त उपायुक्त सोलन राहुल जैन ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।
हिमाचल प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम के उपाध्यक्ष अनुराग शर्मा, खण्ड कांग्रेस समिति सोलन के अध्यक्ष मनीष ठाकुर, पुलिस अधीक्षक सोलन तिरुमलाराजू एस.डी. वर्मा, ज़िला पंचायत अधिकारी जोगिन्द्र राणा, ज़िला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमित रंजन तलवार, ज़िला विकास अधिकारी रमेश शर्मा, ज़िला सोलन के समस्त खंड विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here