भावना ठाकुर,
18 अगस्त / सोलन।
हिमाचल प्रदेश के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में स्पॉट एडमिशन प्रक्रिया जारी है। इसी कड़ी में राजकीय आईटीआई, सोलन ने सात व्यवसायों (ट्रेड्स) में रिक्त सीटों के लिए पात्र अभ्यर्थियों से 21 अगस्त 2026 तक आवेदन मांगे हैं।

संस्थान की प्रधानाचार्य इंजीनियर नवीन कुमारी ने बताया कि फ्रंट ऑफिस असिस्टेंट, मैकेनिक डीज़ल, वेल्डर, ड्राफ्ट्समैन सिविल, इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक, टर्नर और वुड वर्क टेक्नीशियन (पूर्व में बढ़ई) में सीटें उपलब्ध हैं। उन्होंने इच्छुक युवाओं से जल्द से जल्द संस्थान पहुँचकर प्रवेश सुनिश्चित करने की अपील की।
प्रवेश के समय अभ्यर्थियों को सभी मूल प्रमाण-पत्र, आवश्यक दस्तावेज़ और संबंधित ट्रेड का निर्धारित शुल्क बैंक खाते में उपलब्ध रखना होगा। प्रधानाचार्य ने कहा कि यह युवाओं के लिए व्यावसायिक कौशल हासिल करने और उद्योगों में बेहतर रोजगार पाने का शानदार अवसर है।
उल्लेखनीय है कि राजकीय आईटीआई प्रशिक्षण युवाओं को स्वरोजगार एवं रोजगार के नए आयाम देता है। अधिक जानकारी के लिए कार्यालय समय में संस्थान (फोन: 01792-223753) से संपर्क किया जा सकता है।








