भूपेंद्र ठाकुर,
17 अगस्त / शिमला।
शिमला पुलिस ने एक 20 वर्षीय पीड़िता के निजी वीडियो की अनाधिकृत स्क्रीन रिकॉर्डिंग कर उसे ब्लैकमेल करने तथा सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने के प्रयास के मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को 15 अगस्त 2026 को हिरासत में लिया और उसे 17 अगस्त तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

पीड़िता की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला
मामला पीड़िता की शिकायत पर दर्ज किया गया था। शिकायत के अनुसार, पीड़िता के निजी वीडियो की अनाधिकृत स्क्रीन रिकॉर्डिंग कर उसे ब्लैकमेल किया गया तथा विभिन्न वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से उक्त वीडियो के अवैध प्रसारण का प्रयास किया गया।
आरोपी की पहचान
तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी अंकुश चौहान पुत्र श्री धर्मदास, निवासी जिला सिरमौर, हिमाचल प्रदेश, आयु 21 वर्ष को दिनांक 15.08.2026 को गिरफ्तार किया। आरोपी का मोबाइल फोन भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है, जिससे आगे की जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य मिलने की उम्मीद है।
शिमला पुलिस की संवेदनशील नीति
शिमला पुलिस ने महिलाओं से संबंधित अपराधों के प्रति अपनी नीति को संवेदनशील, गोपनीयता-केंद्रित और त्वरित कार्रवाई पर आधारित बताया है। विशेषकर साइबर माध्यम से महिलाओं की गरिमा एवं निजता को प्रभावित करने वाले अपराधों में पीड़िता की पहचान एवं गरिमा की पूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर प्रभावी जांच की जा रही है।
पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की साइबर धमकी या ब्लैकमेलिंग की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचित करें और किसी भी प्रकार के दबाव में आकर गलत कदम न उठाएं।






