– राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश देती 100 मीटर तिरंगे के साथ यात्रा
भूपेंद्र ठाकुर,
16 अगस्त / शिमला।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् (ABVP) शिमला महानगर द्वारा राष्ट्रभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता के संदेश के साथ भव्य 100 मीटर तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। हाथों में विशाल तिरंगा लेकर युवाओं ने देश की एकता, अखंडता और गौरव का संदेश दिया।

तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा वातावरण “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” सहित देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। 100 मीटर लंबे तिरंगे के साथ शिमला की सड़कों पर निकली यह यात्रा युवाओं के राष्ट्र के प्रति समर्पण, गौरव और जिम्मेदारी की भावना को प्रदर्शित करने वाली रही।
ABVP शिमला महानगर के कार्यकर्ताओं ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की संप्रभुता, एकता, अखंडता और करोड़ों भारतीयों की भावनाओं का प्रतीक है। युवाओं का दायित्व है कि वे राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं तथा देश की एकता और अखंडता को और मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करें।
परिषद् ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस जैसे अवसर युवाओं को अपने राष्ट्र, संस्कृति और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदानों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् भविष्य में भी राष्ट्रहित एवं छात्रहित से जुड़े विषयों को लेकर इसी प्रकार सक्रिय रूप से कार्य करती रहेगी।








