Home ट्रेंडिंग आईजीएमसी शिमला को स्पैक्ट, सेल सेपरेटर और 256-स्लाइस सीटी स्कैन मशीन मिलेगी

आईजीएमसी शिमला को स्पैक्ट, सेल सेपरेटर और 256-स्लाइस सीटी स्कैन मशीन मिलेगी

29
0

– आईजीएमसी और टांडा में छह-छह अत्याधुनिक अल्ट्रासाउंड मशीनें होंगी स्थापित और नेरचौक में बनेगा पैट स्कैन भवन
– मुख्यमंत्री ने उन्नत स्वास्थ्य उपकरणों और आधारभूत अधोसंरचना के लिए जारी किए 83.85 करोड़ रुपये

भूपेंद्र ठाकुर,

09 अगस्त / शिमला।

Jeevan Ayurveda Clinic

हिमाचल प्रदेश में स्वास्थ्य क्षेत्र को प्रगति की ओर बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने प्रदेश में स्वास्थ्य अधोसंरचना के सुुदृढ़ीकरण के लिए 83.85 करोड़ रुपये जारी किए हैं। इस क्रम में इंदिरा गांधी चिकित्सा महाविद्यालय (आईजीएमसी), शिमला में बोन मैरो ट्रांसप्लांटेशन के लिए स्पैक्ट मशीन (सिंगल फोटॉन एमिशन कंप्यूटिड टोमोग्राफी) और सेल सेपरेटर मशीन की खरीद के लिए मुख्यमंत्री ने 8 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की है। अब आईजीएमसी शिमला में शीघ्र ही मरीजों को यह सुविधा उपलब्ध होगी।

इससे प्रदेश के प्रमुख स्वास्थ्य संस्थान में जांच और विशेषज्ञ उपचार सुविधाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी। स्पैक्ट एक उन्नत नैदानिक सुविधा है, जो अंगों और ऊतकों की कार्यप्रणाली का आकलन करने के लिए थ्री-डी तस्वीरें तैयार करती है। इससे चिकित्सकों को विभिन्न रोगों की अधिक सटीक पहचान और मूल्यांकन में मदद मिलती है। यह हृदय, मस्तिष्क, हड्डियों, फेफड़ों और गुर्दों से संबंधित रोगों के निदान एवं मूल्यांकन में सहायक है। इसके अलावा, कुछ प्रकार के कैंसर और अन्य स्वास्थ्य संबंधी स्थितियों के आकलन में भी इसका उपयोग लाभकारी साबित होता है।
सेल सेपरेटर मशीन उचित स्टिमुलेशन के बाद डोनर या मरीज से पेरिफेरल ब्लड स्टेम सेल एकत्र करने में सहायता करेगी। एकत्रित स्टेम सेल को इसके बाद प्रोसेस, काउंट और ट्रांसप्लांटेशन के लिए आसानी से तैयार किया जा सकेगा और इन्हें सुरक्षित रूप से स्टोर किया जा सकेगा तथा आवश्यकतानुसार कंडीशनिंग उपचार के बाद मरीज को प्रत्यारोपित किया जा सकेगा।
मुख्यमंत्री ने आईजीएमसी शिमला में छह अत्याधुनिक अल्ट्रासाउंड मशीनों की खरीद और सीटीएल कंडाघाट के उन्नयन के लिए 14 करोड़ रुपये की धनराशि भी जारी की है। इसके अतिरिक्त, आईजीएमसी शिमला में एनालॉग और डिजिटल सिस्टम से युक्त दो एक्स-रे मशीनों की खरीद के लिए 3.50 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। संस्थान में 256-स्लाइस सीटी स्कैन मशीन की खरीद के लिए 12 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। इन उन्नत सुविधाओं से आईजीएमसी शिमला की नैदानिक क्षमताओं में उल्लेखनीय सुधार होगा और जांच एवं अन्य प्रक्रियाओं को सुव्यवस्थित करने में मदद मिलेगी, जिससे मरीजों को बिना किसी प्रतीक्षा अवधि के जांच रिपोर्ट उपलब्ध हो सकेगी।
डॉ. राजेन्द्र प्रसाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय टांडा, कांगड़ा के लिए मुख्यमंत्री ने छह हाई-एंड अल्ट्रासाउंड मशीनों की खरीद के लिए 6 करोड़ रुपये जारी किए हैं। इसके अतिरिक्त, लाल बहादुर शास्त्री राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, नेरचौक, मंडी में पैट स्कैन भवन के निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इन नई सुविधाओं से हिमाचल प्रदेश में उन्नत जांच और उपचार सेवाएं उपलब्ध करवाने की राज्य की क्षमता और अधिक सुदृढ़ होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here