भूपेंद्र ठाकुर,
06 अगस्त / शिमला।
शिमला पुलिस द्वारा उद्घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत उपमंडल रोहड़ू की PO Cell ने लगभग 7 वर्षों से फरार चल रहे उद्घोषित अपराधी को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है।
दिनांक 05.08.2026 को PO Cell, उपमंडल रोहड़ू की टीम ने गुलाब सिंह पुत्र स्व. श्री केहर सिंह, निवासी चिड़गांव, जिला शिमला को उसके पैतृक गांव से विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार किया। आरोपी को माननीय ACJM, रोहड़ू द्वारा धारा 138, परक्राम्य लिखत अधिनियम (Negotiable Instruments Act) के चार अलग-अलग मामलों में उद्घोषित अपराधी (Proclaimed Offender) घोषित किया गया था। ये मामले लगभग ₹8.50 लाख के लेन-देन से संबंधित थे और आरोपी पिछले 7 वर्षों से गिरफ्तारी से बचता फिर रहा था।

गिरफ्तारी के पश्चात आरोपी को माननीय ACJM, रोहड़ू के समक्ष पेश किया गया। माननीय न्यायालय ने आरोपी को दिनांक 12.08.2026 तक न्यायिक हिरासत में जिला कारागार कैथू भेजने के आदेश पारित किए हैं।
शिमला पुलिस उद्घोषित अपराधियों, भगोड़े आरोपियों तथा न्यायालय से फरार व्यक्तियों के विरुद्ध निरंतर अभियान चला रही है। ऐसे अपराधियों को कानून के दायरे में लाकर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करना पुलिस की प्राथमिकता है।








