– अभियोग संख्या 39/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 22, 25 व 29 में मामला दर्ज
भूपेंद्र ठाकुर,
06 अगस्त / शिमला।
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शिमला पुलिस को एक और सफलता मिली है। पुलिस थाना नेरवा की टीम ने नियमित नाकाबंदी और वाहन चेकिंग के दौरान एक पिकअप वाहन से प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप की खेप बरामद की है। इस मामले में 26 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक किशोर भी इस गैरकानूनी कृत्य में संलिप्त पाया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आज दिनांक 06 अगस्त को नेरवा थाना की टीम जमराड़ी बैरियर के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली गई। वाहन से कुल 5 सीलबंद प्लास्टिक की बोतलें (100-100 मिलीलीटर) बरामद हुईं, जिन पर कोई लेबल नहीं था और जिनमें प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप होने का संदेह है। पुलिस ने तुरंत बोतलों को जब्त कर लिया और वाहन चालक को हिरासत में लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रवि राणा उर्फ बंटी, पुत्र दमर सिंह, निवासी नेरवा, जिला शिमला (आयु 26 वर्ष) के रूप में हुई है। उसके खिलाफ थाना नेरवा में अभियोग संख्या 39/2026 दर्ज किया गया है, जो एनडीपीएस एक्ट की धारा 22 (प्रतिबंधित पदार्थ का सेवन/विक्रय), 25 (अवैध परिवहन) और 29 (अपराध में सहयोग/षड्यंत्र) के तहत पंजीकृत किया गया है।
मामले में एक अन्य विधि-विरुद्ध किशोर (Juvenile) की भी संलिप्तता सामने आई है, जिसके संबंध में किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने यह स्पष्ट किया है कि नाबालिग की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच जारी है। पुलिस टीम यह पता लगाने में जुटी है कि यह खेप कहाँ से लाई गई और इसका नेटवर्क किन-किन तक फैला हुआ है। शिमला पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे नशे के कारोबार से जुड़ी किसी भी सूचना पर तुरंत पुलिस को अवगत कराएँ, ताकि इस अभियान को और प्रभावी बनाया जा सके।








