भूपेंद्र ठाकुर,
02 अगस्त / शिमला।
शिमला के भट्टाकुफर स्थित शिव मंदिर के निकट एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां एक ट्रक अनियंत्रित होकर तीन वाहनों से जा टकराया, जिससे वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा है। इसके बाद ट्रक में तकनीकी खराबी आने के कारण वह बीच सड़क पर ही रुक गया, जिससे इस मार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया है।

फिलहाल इस मार्ग पर केवल छोटे वाहनों की आवाजाही संभव हो पा रही है, जबकि बड़े वाहनों को रोका गया है। ट्रैफिक पुलिस की टीम घटनास्थल पर तुरंत पहुंची और यातायात को सुचारु रखने में जुट गई। पुलिस क्रेन और अन्य संसाधनों की मदद से ट्रक को हटाने और मार्ग को जल्द से जल्द सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
इस संबंध में यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे इस मार्ग पर धैर्य बनाए रखें और पुलिस के निर्देशों का पालन करें। साथ ही, जाम से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की भी सलाह दी गई है। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि जल्द ही मार्ग को पूरी तरह बहाल कर दिया जाएगा।






