– सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक बस सुविधा नहीं, सरकार व परिवहन विभाग से जल्द बस सेवा शुरू करने की मांग
हिमाचल समय न्यूज़,
25 जुलाई / सैंज।
सैंज-न्यूली-शैंशर सड़क मार्ग पर सुबह 9:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक कोई भी बस सेवा उपलब्ध न होने के कारण क्षेत्र की छह पंचायतों की जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बस सेवा के अभाव में स्थानीय लोगों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों, बुजुर्गों तथा मरीजों को आने-जाने में काफी दिक्कतें हो रही हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन की सुविधा बेहद सीमित है और दिन के महत्वपूर्ण समय में बस सेवा उपलब्ध न होने से लोगों को निजी वाहनों या अन्य साधनों पर निर्भर रहना पड़ता है। इससे आम जनता का समय और धन दोनों बर्बाद हो रहे हैं।

क्षेत्रवासियों ने प्रदेश सरकार और परिवहन विभाग से मांग की है कि सैंज-न्यूली-शैंशर सड़क मार्ग पर सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे के बीच नियमित बस सेवा शुरू की जाए, ताकि छह पंचायतों की जनता को सुचारू परिवहन सुविधा मिल सके।
स्थानीय लोगों ने कहा कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्र की जनता इस मांग को लेकर जिलाधीश कुल्लू तथा प्रदेश के परिवहन मंत्री से मुलाकात करेगी और समस्या के स्थायी समाधान की मांग रखेगी।
क्षेत्रवासियों ने सरकार और विभाग से जनहित को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द बस सेवा बहाल/शुरू करने की गुहार लगाई है।






