भूपेंद्र ठाकुर,
09 सितंबर / शिमला।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) शिमला ने बताया कि डिटेक्शन सेल ठियोग की टीम ने 8 सितंबर, 2026 को एक बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने कोटखाई क्षेत्र के कोकूनाला से 29.43 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

एसपी शिमला के अनुसार, डिटेक्शन सेल ठियोग की टीम गश्त एवं नशीले पदार्थों की तलाश के दौरान कोकूनाला, कोटखाई क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि अंकित वर्मा पुत्र बलदेव सिंह, निवासी कोटखाई, जिला शिमला (उम्र 33 वर्ष) गुम्मा बाजार के समीप पुलिस गुमटी के सामने एक कार में चिट्टा/हेरोइन लेकर मौजूद है।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में उक्त वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 29.43 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद किया गया।
बरामद नशीले पदार्थ को नियमानुसार कब्जे में लेकर आरोपी अंकित वर्मा के विरुद्ध पुलिस थाना कोटखाई में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा उसे माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी ने यह नशीला पदार्थ कहां से प्राप्त किया था और क्या इस मामले में उसके अन्य साथी भी शामिल हैं।








