भावना ठाकुर,
18 जुलाई / सोलन।
गुरुकुल इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल सोलन के प्रतिभाशाली छात्र विलोचन कालेट ने अपनी कठिन मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित परीक्षाओं नीट 2026 (NEET UG- 2026) और जेईई मेन -2026 उल्लेखनीय सफलता प्राप्त कर विद्यालय, अभिभावकों तथा समूचे क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है।

विलोचन कालेट नीट यू.जी-2026 में 576 अंक प्राप्त करते हुए ऑल इंडिया रैंक (AIR) 7594 (जनरल कैटेगरी) अर्जित की। साथ ही जेईई मेन -2026 में जनवरी सत्र में 94.6 पर्सेंटाइल तथा अप्रैल सत्र में 94.5 पर्सेंटाइल प्राप्त कर जेईई एडवांस -2026 के लिए भी सफलतापूर्वक पात्रता हासिल की।यह उपलब्धि केवल एक विद्यार्थी की सफलता नहीं, बल्कि उसके वर्षों के सतत परिश्रम, आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और उत्कृष्ट मार्गदर्शन का परिणाम है। विलोचन ने यह सिद्ध कर दिया कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो, मेहनत निरंतर हो और आत्मविश्वास अटूट हो, तो सफलता अवश्य प्राप्त होती है।
इस गौरवपूर्ण अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती सागरिका बक्शी ने विलोचन कालेट को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए कहा—”विलोचन की यह उपलब्धि हमारे विद्यालय के लिए अत्यंत गर्व और प्रेरणा का विषय है। यह सफलता उनके अनुशासन, समर्पण, निरंतर अभ्यास तथा उत्कृष्ट कार्य संस्कृति का परिणाम है। हमें पूर्ण विश्वास है कि वे भविष्य में भी इसी प्रकार सफलता के नए आयाम स्थापित करेंगे और समाज व राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।”
प्रधानाचार्या ने आगे कहा कि हर विद्यार्थी में असीम संभावनाएँ होती हैं। आवश्यकता केवल सही दिशा, निरंतर प्रयास और सकारात्मक सोच की होती है। विद्यालय सदैव विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नैतिक मूल्यों तथा उत्कृष्ट मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
विद्यालय प्रबंधन ने इस सफलता का श्रेय विलोचन की अथक मेहनत, उनके अभिभावकों के निरंतर सहयोग तथा विद्यालय के समर्पित एवं अनुभवी शिक्षकों के प्रेरणादायी मार्गदर्शन को भी दिया। विद्यालय के शिक्षकों ने अपने ज्ञान, अनुभव और सतत शैक्षणिक सहयोग से विलोचन की सफलता की इस यात्रा को सशक्त बनाया।
विद्यालय प्रबंधन ने विश्वास व्यक्त किया कि विलोचन की यह उपलब्धि विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और उन्हें भी बड़े सपने देखने तथा उन्हें साकार करने के लिए अथक प्रयास करने की प्रेरणा देगी।

गुरुकुल इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल परिवार विलोचन कालेट को इस शानदार उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए अनंत शुभकामनाएँ देता है। विद्यालय परिवार को विश्वास है कि वे भविष्य में भी सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित कर अपने परिवार, विद्यालय और देश का नाम गौरवान्वित करते रहेंगे।








