भूपेंद्र ठाकुर,
16 जुलाई / शिमला।
जिला शिमला पुलिस द्वारा उद्घोषित अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस थाना रामपुर एवं PO Cell, पुलिस उपमंडल रामपुर की संयुक्त टीम ने एक फरार उद्घोषित अपराधी को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान युवराज पुत्र स्व. अमर सिंह, निवासी करसोग, जिला मंडी (आयु 42 वर्ष) के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध पुलिस थाना रामपुर में रास्ता रोककर मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज था। यह अभियोग संख्या 137/2016 धारा 341, 323 एवं 506 भा.दं.सं. के तहत पंजीकृत किया गया था।
न्यायालय में लगातार उपस्थित न होने के कारण माननीय ACJM रामपुर द्वारा उक्त आरोपी को दिनांक 27 मई 2026 को उद्घोषित अपराधी (Proclaimed Offender) घोषित कर दिया गया था।
पुलिस टीम ने लंबे प्रयासों के बाद आरोपी को 15 जुलाई 2026 को सेरी बंगला, जिला मंडी से विधि अनुसार गिरफ्तार किया। आरोपी को उसी दिन माननीय ACJM रामपुर के समक्ष पेश किया गया, जहां से न्यायालय ने उसे न्यायिक हिरासत में जिला कारागार कैथू भेजने के आदेश दिए।

जिला शिमला पुलिस उद्घोषित अपराधियों एवं फरार आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रखे हुए है तथा ऐसे सभी आरोपियों को कानून के दायरे में लाने के लिए प्रतिबद्ध है।






