भूपेंद्र ठाकुर,
11 जुलाई / शिमला।
नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शिमला पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने चौड़ा मैदान स्थित एक मकान से लगभग 1 किलोग्राम अफीम, दो इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीनें और ₹2,12,000/- नकद बरामद किए हैं।
पुलिस टीम गश्त और संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी कर रही थी, इसी दौरान विश्वसनीय सूचना मिली कि चौड़ा मैदान में एक व्यक्ति बड़े पैमाने पर अफीम का कारोबार कर रहा है। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नियमानुसार तलाशी ली। तलाशी के दौरान मकान से 991 ग्राम अफीम, दो इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीनें और 2,12,000 रुपये नकद बरामद किए गए।

आरोपी की पहचान सुरिन्द्र सिंह पुत्र स्वर्गीय श्री धीरज सिंह, निवासी चौड़ा मैदान, शिमला के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे मौके से ही गिरफ्तार कर लिया और थाना बालूगंज में अभियोग संख्या 139/2026, दिनांक 10.07.2026 के तहत धारा 18 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया है।
पुलिस अधीक्षक शिमला ने बताया कि यह कार्रवाई नशा तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में एक अहम कदम है। उन्होंने कहा कि आरोपी से पूछताछ जारी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि अफीम की आपूर्ति कहां से की जा रही थी और इसके अन्य साथी कौन-कौन हैं। मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही इस खुलासे की उम्मीद है।
इस सफल कार्रवाई के लिए पुलिस टीम को बधाई दी गई है। साथ ही पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि शिमला को नशा मुक्त बनाया जा सके।








