Home क्राइम ब्लाइंड मर्डर का 4 घंटे में पुलिस ने किया खुलासा, पत्नी और...

ब्लाइंड मर्डर का 4 घंटे में पुलिस ने किया खुलासा, पत्नी और साथी गिरफ्तार

4
0

भावना ठाकुर,

06 जुलाई / सोलन।

Jeevan Ayurveda Clinic

पुलिस चौकी डगशाई को मिली एक सूचना ने जिले के धर्मपुर क्षेत्र में सनसनी मचा दी। जोहड़ पटियाला के पास एक कच्ची सड़क के नीचे झाड़ियों में एक व्यक्ति का शव खून से लथपथ अवस्था में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान रूप लाल (40) के रूप में हुई, जो मूल रूप से नेपाल का रहने वाला था और पिछले तीन महीनों से अपने परिवार के साथ जोहड़ पटियाला में रह रहा था।

प्रत्यक्षदर्शी बलदेव के बयान पर पुलिस थाना धर्मपुर में हत्या का मामला दर्ज किया गया। बताया जा रहा है कि 4 जुलाई की शाम रूप लाल अपने साडू (कुत्ते) को छोड़ने के लिए पैदल घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। अगली सुबह उसका शव खून के ढेर के पास झाड़ियों से बरामद हुआ। मौके से खून से सना एक चाकू भी बरामद किया गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत वैज्ञानिक जांच शुरू की। राज्य विज्ञान प्रयोगशाला (SFSL), जूंगा की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर कई अहम भौतिक साक्ष्य जुटाए। गवाहों के बयान और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर जांच में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पुलिस की नजर मृतक की 26 वर्षीय पत्नी चन्द्रा चलाउने पर पड़ी, जिसे संदेह के आधार पर हिरासत में लिया गया।

पूछताछ बढ़ने पर चन्द्रा ने घटना में अपने साथी चक्रा बहादूर कामी (35) की संलिप्तता कबूली। चक्रा, जो मूल रूप से नेपाल का रहने वाला है और वर्तमान में सोलन के कुमारहट्टी स्थित BTM अपार्टमेंट में रहता है, को पुलिस टीम ने कुमारहट्टी से दबोच लिया। प्रारंभिक जांच में दोनों ने आपसी साजिश के तहत रूप लाल की हत्या करना स्वीकार किया है।

इस मामले की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि यह एक ब्लाइंड मर्डर (जहां न तो कोई प्रत्यक्ष गवाह होता है और न ही आरोपी के बारे में कोई सुराग) था, लेकिन सोलन पुलिस ने अपनी पेशेवराना कार्रवाई, तकनीकी अनुसंधान और सूक्ष्म साक्ष्य संकलन के दम पर मात्र 4 घंटे के भीतर इस रहस्यमयी हत्या का खुलासा कर दिया।

दोनों आरोपियों को आज (06 जुलाई 2026) माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जहां से पुलिस रिमांड मांगकर उनसे पूछताछ की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस हत्या के पीछे की असली वजह व वित्तीय लेन-देन के पहलुओं की भी गहनता से जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here